जम्मू, 28 अप्रैल कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर ने सोमवार को पहलगाम आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अमानवीय और बर्बर बताया और कहा कि पार्टी देश की सुरक्षा और शांति एवं सामान्य स्थिति बहाल करने के उद्देश्य से सरकार की पहल का समर्थन करती है।
जम्मू कश्मीर में कांग्रेस विधायक दल के नेता मीर ने आतंकवादी हमले के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन पर प्रकाश डाला और इस बात पर जोर दिया कि भारत इस नृशंस हमले का जवाब देने के लिये एकजुट है।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में 22 अप्रैल को लोकप्रिय पर्यटन शहर पहलगाम के निकट एक मैदान में आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे, तथा कई घायल हो गए।
आतंकवादी हमले की निंदा करने के लिए विधानसभा में पारित प्रस्ताव पर मीर ने शांति बहाल करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के सरकार के प्रयासों के प्रति कांग्रेस के अटूट समर्थन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस देश की सुरक्षा और शांति एवं सामान्य स्थिति बहाल करने के उद्देश्य से सरकार की पहल का पूर्ण समर्थन करती है। हमने एक प्रस्ताव पारित किया है जिसमें किसी भी आवश्यक सुरक्षा उपाय के लिए अपना पूर्ण समर्थन दोहराया गया है।"
उपमुख्यमंत्री सुरेन्द्र चौधरी द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर सर्वसम्मति से ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।
विधानसभा में पहलगाम के निकट बैसरन मैदान में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
मीर ने राष्ट्रीय एकता के महत्व पर जोर देते हुए हर समुदाय से एक साथ आने और आतंकवादियों के विभाजनकारी एजेंडे को खारिज करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, "हमें अपने देश को विभाजित करने के आतंकवादियों के मंसूबों को विफल करने के लिए एकजुट होना चाहिए।"
जम्मू कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने पहलगाम हमले पर पार्टी नेता राहुल गांधी के शब्दों को दोहराते हुए राष्ट्रीय एकता और देश की संप्रभुता की रक्षा में केंद्र के प्रति अटूट समर्थन पर जोर दिया।
गांधी को उद्धृत करते हुए कर्रा ने कहा, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इस महत्वपूर्ण मोड़ पर भारत सरकार के साथ एकजुट है। राष्ट्रीय हित और संप्रभुता से संबंधित मामलों में हम सभी आवश्यक और उचित कार्यों के लिए अपना पूर्ण समर्थन देते हैं। भारत की अखंडता की रक्षा सर्वोपरि रहनी चाहिए।"
उन्होंने पहलगाम हमले के जवाब में सामूहिक कार्रवाई और एकजुटता का आह्वान किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY