एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महाराष्ट्र में मरीजों की मौते के मामले में कांग्रेस ने जांच की मांग की; खरगे ने व्यवस्था पर सवाल उठाए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में नांदेड़ जिले के एक सरकारी अस्तपाल में 31 लोगों की मौत के मामले में कांग्रेस ने मंगलवार को व्यापक जांच की मांग की और इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया।

देश की खबरें | महाराष्ट्र में मरीजों की मौते के मामले में कांग्रेस ने जांच की मांग की; खरगे ने व्यवस्था पर सवाल उठाए

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर महाराष्ट्र में नांदेड़ जिले के एक सरकारी अस्तपाल में 31 लोगों की मौत के मामले में कांग्रेस ने मंगलवार को व्यापक जांच की मांग की और इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य प्रणाली पर सवाल उठाए तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।

महाराष्ट्र के एक शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारी ने सोमवार को बताया था कि 30 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच नांदेड़ के एक सरकारी अस्पताल में 12 शिशुओं सहित 24 मरीजों की मौत हुई।

पिछले 24 घंटे की अवधि में एक ही अस्पताल में सात और लोगों की मौत के साथ मंगलवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में मरीजों की मौत पर चिंता व्यक्त की।

उन्होंने लिखा, ‘‘बताया जा रहा है कि इन मरीजों की मौत दवाओं और उपचार के अभाव में हुई। ऐसी ही एक घटना इसी साल अगस्त में ठाणे के एक सरकारी अस्पताल में सामने आई थी, जिसमें 18 मरीजों को जान गंवानी पड़ी थी।’’

कांग्रेस प्रमुख ने महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-शिवसेना गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘पीड़ितों के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदना। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य प्रणाली पर सवालिया लगा दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम गहन जांच की मांग करते हैं ताकि इस लापरवाही के दोषियों को अदालत कड़ी सजा दे सके।’’

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार रात को सवाल उठाया था कि बच्चों की दवाओं के लिए पैसे क्यों नहीं हैं, जबकि भाजपा सरकार प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च करती है।

गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा सरकार अपने प्रचार-प्रसार पर हजारों करोड़ रुपये खर्च करती है, लेकिन बच्चों की दवा के लिए पैसा नहीं है? भाजपा की नजर में गरीबों की जान की कोई कीमत नहीं है।’’

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि मृत मरीजों में से 16 या तो नवजात थे या बच्चे थे "फिर भी प्रधानमंत्री इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।"

उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, "अभी कुछ समय पहले ही ठाणे जिले के एक अस्पताल में इसी तरह की भयावह घटना सामने आई थी।"

रमेश ने कहा, "इस गठबंधन सरकार में कोई जवाबदेही नहीं है। ऐसे में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।"

सोमवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘भगवान दिवंगतों की आत्माओं को शांति दे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘इसके दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाना चाहिए और प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाना चाहिए।’’

एक सोशल मीडिया पोस्ट में नांदेड के जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) ने कहा, ‘‘डॉ शंकरराव चव्हाण सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 30 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच 24 मरीजों की मौत हुई, जबकि एक और दो अक्टूबर के बीच सात मरीजों की मौत हुईं।’’

इसमें कहा गया, ‘‘घबराने की जरूरत नहीं है। चिकित्सकों की एक टीम तैयार है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 03, 2023 05:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).