देश की खबरें | तेलंगाना की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है कांग्रेस: खरगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि तेलंगाना में ‘‘नयी सुबह’’ के लिए पार्टी का खाका तैयार है और राज्य के 3.8 करोड़ लोग बदलाव चाहते हैं।
खम्मम (तेलंगाना), दो जुलाई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि तेलंगाना में ‘‘नयी सुबह’’ के लिए पार्टी का खाका तैयार है और राज्य के 3.8 करोड़ लोग बदलाव चाहते हैं।
खरगे ने यह भी कहा कि कांग्रेस को तेलंगाना में उसके सामूहिक नेतृत्व पर गर्व है। उन्हांने ये टिप्पणी ऐसे समय की जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की खम्मम जिले में एक जनसभा होने वाली है।
राहुल गांधी की इस रैली के साथ ही कांग्रेस राज्य में अपना चुनावी बिगुल फूंकेगी। तेलंगाना में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं।
खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘तेलंगाना के 3.8 करोड़ लोग बदलाव चाहते हैं। श्री राहुल गांधी की तेलंगाना जनगर्जना विशाल रैली में आज उनकी साझा आकांक्षाओं को व्यक्त करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को तेलंगाना में पार्टी के सामूहिक नेतृत्व पर गर्व है। तेलंगाना में नयी सुबह का हमारा खाका तैयार है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ‘‘हम सामाजिक न्याय तथा समानता पर आधारित तेलंगाना के विकास और उन्नति के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
खरगे ने यह भी कहा कि अन्य दलों के कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस के साथ आएंगे।
कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता मल्लू भट्टी विक्रमार्क की पदयात्रा का समापन भी इस रैली में होगा।
खरगे ने कहा, ‘‘हम सीएलपी नेता श्री भट्टी को खम्मम में आज हमारी 1,360 किलोमीटर लंबी पदयात्रा पूरी करने पर बधाई देते हैं।’’
पार्टी सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी विक्रमार्क को सम्मानित भी करेंगे, जिन्होंने आदिलाबाद के निकट से पदयात्रा शुरू करके 1,360 किलोमीटर की दूरी 108 दिन में तय की।
इस रैली के दौरान खम्मम के पूर्व सांसद पी. श्रीनिवास रेड्डी कांग्रेस में शामिल होंगे। श्रीनिवास रेड्डी और पूर्व मंत्री जुपल्ली कृष्णा राव ने हाल में पार्टी में शामिल होने के अपने फैसले की घोषणा की थी।
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष एवं सांसद ए. रेवंत रेड्डी ने दावा किया कि खम्मम में रैली के साथ पार्टी राज्य में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के शासन का अंत करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2023 03:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

