कोझिकोड/तिरुवनंतपुरम, 14 जुलाई केरल में कांग्रेस और भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों ने दुकानें खोलने की अनुमति देने की मांग करने वाले व्यापारियों का बुधवार को समर्थन किया और कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की "धमकी" देने के लिए मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की आलोचना की।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद के सुधाकरन और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने कहा कि उनकी पार्टी व्यापारियों का समर्थन कर रही है और मुख्यमंत्री को यह नहीं सोचना चाहिए कि वह अपनी "धमकी" से लोगों को डरा सकते हैं।
सतीशन ने मीडिया से कहा, "वे रणनीतियां काम नहीं करेंगी।"
सुधाकरन ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस तरह के कठोर रुख के बजाय अधिक समझदारी वाला और नरम रुख अपनाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि इन तमाम पाबंदियों के बावजूद कोविड के मामलों की संख्या में कमी नहीं आई है जबकि दिल्ली और तमिलनाडु इस तरह की पाबंदियों के बिना संक्रमण की संख्या को कम करने में कामयाब रहे हैं।
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के राष्ट्रीय महासचिव पी के कुन्हालीकुट्टी ने कहा कि ऐसे समय में जब व्यापारियों और कारोबारियों को विश्वास में लिया जाना था, राज्य सरकार उन्हें दुश्मन के रूप में देख रही है।
उन्होंने कहा कि लोगों को डराने और धमकाने के लिए सत्ता का इस्तेमाल करना सही नहीं है और अगर सत्ताधारी सरकार को लगता है कि वह कुछ भी कर सकती है क्योंकि उसके पास पुलिस है तो केरल में ऐसा नहीं होगा।
उन्होंने आगे कहा कि व्यापारियों और कारोबारियों को अपनी आजीविका चलाने के लिए, अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए, कर्ज और कर चुकाने के लिए अपनी दुकानें चलाने की जरूरत है और ऐसी स्थिति में उन्हें धमकी नहीं दी जानी चाहिए।
कोझिकोड में एस एम स्ट्रीट या मित्तई थेरुवु के व्यापारियों ने अपनी दुकान खोलने पर प्रतिबंध के खिलाफ 12 जुलाई की सुबह अपनी दुकानों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यह क्षेत्र सी श्रेणी में आता है जिसमें जांच संक्रमण दर 10 से 15 प्रतिशत है।
दुकानदारों ने दावा किया था कि उनका कारोबार पिछले दो महीनों से बंद है और अब उन्हें गुजारा करने में मुश्किल हो रहा है।
हालांकि, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि चूंकि यह क्षेत्र सी श्रेणी में आता है, इसलिए क्षेत्र में दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY