कोट्टायम (केरल), 30 अगस्त केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और कांग्रेस पार्टी का सांप्रदायिकता पर एक जैसा रुख है।
उन्होंने कांग्रेस पर केरल के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप भी लगाया। विजयन ने कहा कि कांग्रेस कभी भी सांप्रदायिकता के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार नहीं कर पाई जबकि वह खुद के धर्मनिरपेक्ष होने का दावा करती है।
उन्होंने कहा कि पुराने अनुभव दिखाते हैं कि इस मुद्दे पर भाजपा का जो रुख है, वही कांग्रेस का है। विजयन ने कहा कि यही वजह है कि कांग्रेस के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर को कांग्रेस के वरिष्ठ दिवंगत नेता की आलोचना करनी पड़ी।
अय्यर ने पिछले सप्ताह आरोप लगाया था कि पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव “सांप्रदायिक” थे और उन्हें देश में “भाजपा का पहला प्रधानमंत्री” कहा था।
विजयन ने कहा कि कांग्रेस की केरल इकाई का भी यही रुख है क्योंकि उसने स्थानीय निकाय चुनाव में सीटों के लिए भाजपा के साथ गठबंधन किया है।
विजयन ने पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए जारी प्रचार अभियान के तहत कोट्टायम में कुछ स्थानों पर लोगों को संबोधित करते हुए ये आरोप लगाए।
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पुथुपल्ली से विधायक ओमन चांडी का इस साल जुलाई में निधन हो गया था, जिसके चलते इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY