देश की खबरें | केंद्र सरकार की नौकरियों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए ठोस कोशिश की गई : जितेंद्र सिंह

नयी दिल्ली, 17 जनवरी केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार ने अपनी नौकरियों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए ठोस कोशिश की है और उन्हें पेशवर और पारिवारिक जीवन में संतुलन प्रदान किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शासन में शुरू सुधार से महिला कर्मियों को अनुकूल माहौल मिल रहा है और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) उन्हें लागू कर रहा है।

केंद्रीय कार्मिक राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने उन केंद्रीय महिला कर्मियों को 60 दिन का विशेष मातृत्व अवकाश देने का फैसला किया है जिनके बच्चे की जन्म के बाद मौत हो जाती है या गर्भपात हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह कदम उन्हें होने वाले संभावित मानसिक तनाव के मद्देनजर उठाया गया है।

सिंह ने कहा कि 730 दिनों का बाल पालन-पोषण अवकाश (सीसीएल) जारी रखने के साथ कुछ नए कदम भी उठाए गए हैं जिनमें सीसीएल के दौरान महिला कर्मी को रियायती यात्रा की अनुमति शामिल है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी उचित प्राधिकार की पूर्वानुमति लेकर विदेश यात्रा पर भी जा सकती है।

मंत्री ने बताया कि पिछले साल एक जुलाई से दिव्यांग महिला कर्मियों को तीन हजार रुपये प्रति महीने की दर से विशेष भत्ता बच्चों की देखरेख के लिए दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यौन उत्पीड़न की जांच को लेकर विशेष अवकाश का प्रावधान किया गया है। सिंह ने कहा कि पीड़ित सरकारी महिला कर्मी 90 दिनों तक अवकाश ले सकती है और यह छुट्टी जांच लंबित रहने के दौरान दी जाएगी और यह छुट्टी अन्य छुट्टियों से नहीं काटी जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)