विदेश की खबरें | प्रधानमंत्री ओली-प्रचंड के बीच खींचतान समाप्त करने के लिए कम्युनिस्ट पार्टी सचिवालय ने की बैठक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ के बीच चल रही खींचतान को समाप्त करने के लिए सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की सर्वोच्च संस्था की शनिवार को बैठक हुई।
काठमांडू, 18 जून नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ के बीच चल रही खींचतान को समाप्त करने के लिए सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की सर्वोच्च संस्था की शनिवार को बैठक हुई।
ओली के प्रेस सलाहकार सूर्य थापा के अनुसार बालुवाटार स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर नौ सदस्यीय केंद्रीय सचिवालय की बैठक अपराह्न लगभग तीन बजकर पंद्रह मिनट पर शुरू हुई।
माना जा रहा है कि इस बैठक में उन मुद्दों पर चर्चा होगी जिन्हें रविवार को होने वाली स्थायी समिति की बैठक में पेश किया जाना है।
हाल के सप्ताहों में स्थायी समिति की बैठक पांच बार स्थगित की जा चुकी है।
यह भी पढ़े | पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,918 नए मामले आए सामने, अब तक 5 हजार 522 संक्रमितों की हुई मौत.
पार्टी के भीतर कलह को समाप्त करने के लिए ओली और प्रतिद्वंद्वी गुट की अगुवाई कर रहे प्रचंड को बातचीत के लिए और समय देने के वास्ते स्थायी समिति की बैठक रविवार तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।
केंद्रीय सचिवालय की बैठक में प्रधानमंत्री ओली, वरिष्ठ नेता माधव कुमार नेपाल और झालानाथ खनाल और अन्य नेता उपस्थित हैं।
बैठक में पार्टी के नेतृत्व को लेकर खड़े हुए विवाद को समाप्त करने पर भी चर्चा होगी।
रविवार को होने वाली 45 सदस्यीय स्थायी समिति की बैठक से पहले दोनों नेताओं के सहमत होने पर नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) ने सचिवालय की बैठक बुलाई।
इससे पहले हुई बैठकों में ओली ने प्रचंड की मांग पर एनसीपी का अध्यक्ष पद छोड़ने या इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था।
स्थायी समिति के अध्यक्ष गणेश शाह ने कहा कि रविवार को होने वाली स्थायी समिति की बैठक में केंद्रीय कार्यकारिणी समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक की तारीख की घोषणा की जा सकती है जिसमें प्रधानमंत्री ओली के भविष्य पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)