देश की खबरें | सीवर सफाई के दौरान कर्मचारी की मौत पर आयोग ने तमिलनाडु सरकार से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी

नयी दिल्ली, 29 जून तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में सीवर की सफाई के दौरान एक व्यक्ति की मौत पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) ने राज्य सरकार को नोटिस जारी करके मामले में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। आयोग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी बयान में यह जानकारी दी गई है।

आयोग ने मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, कुड्डालोर के उप जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच करने और डाक या ईमेल के जरिए कार्रवाई रिपोर्ट भेजने को कहा है।

एनसीएससी के अध्यक्ष विजय सांपला ने राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले से जुड़े संबंधित दस्तावेज जैसे... प्राथमिकी की प्रति, मृतक की मेडिकल रिपोर्ट और उसके परिवार को दी गई अनुग्रह राशि आदि मुहैया कराने को भी कहा है।

बयान के अनुसार, आयोग को भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई के माध्यम से सूचना मिली है कि राज्य के कुड्डालोर जिले के पेन्नादम में 24 मई को सीवर की सफाई के दौरान जहरीली जैस की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हुई है।

भाजपा नेता अन्नामलाई का आरोप है कि इस घटना के लिए माकपा के पार्षद जिम्मेदार हैं।

एनसीएससी को भेजी गई लिखित शिकायत में अन्नामलाई ने कहा, ‘‘मृतक की पत्नी से मिली शिकायत के आधार पर पेन्नादम पुलिस ने पार्षद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)