देश की खबरें | पाकिस्तान के पत्रकार के खिलाफ उनकी शिकायत पर मिला आयोग ने संज्ञान लिया है: सेलीना जेटली

मुंबई, 31 जुलाई अभिनेत्री-मॉडल सेलीना जेटली ने कहा है कि उन्हें परेशान करने वाले पाकिस्तान के एक पत्रकार के खिलाफ दी गई शिकायत पर विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग से बात की है।

जेटली ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) को शिकायत भेजी थी, जिसने यह शिकायत विदेश मंत्रालय को भेज दी थी।

अभिनेत्री ने पहले कहा था कि पाकिस्तान के एक पत्रकार ने कुछ महीने पहले उन्हें परेशान किया था।

जेटली ने रविवार को ट्वीट किया, “अपराधी सोशल मीडिया पर अपनी लोकेशन में लगातार बदलाव करता रहता है, लेकिन वह पाकिस्तान में छिपा है, जिसके परिणामस्वरूप मेरे लिए कानूनी सहारा लेना संभव नहीं था, और वह सीमा पार से मेरे चरित्र व शील पर हमला करता रहा।”

अभिनेत्री ने लिखा, “मैंने इस मामले को भारत में राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने रखा। महिला आयोग ने मेरी शिकायत का संज्ञान लिया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा।”

पूर्व मिस इंडिया ने 18 जुलाई के विदेश मंत्रालय के पत्र की प्रति भी साझा की।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग को विदेश मंत्रालय की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने मामले पर दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग से बात कर तत्काल जांच व कार्रवाई की मांग की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)