एजेंसी न्यूज

Delhi Coaching Centre Deaths: एमसीडी ने अब तक कुल 20 बेसमेंट सील किये

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में छह और उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर में एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट को सील कर दिया जिससे सील किये गये कुल बेसमेंट की संख्या बढ़कर 20 हो गई है.

Delhi Coaching Centre Deaths: एमसीडी ने अब तक कुल 20 बेसमेंट सील किये

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में छह और उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर में एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट को सील कर दिया जिससे सील किये गये कुल बेसमेंट की संख्या बढ़कर 20 हो गई है. सील करने की यह ताजा कार्रवाई सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन छात्रों की ओल्ड राजेंद्र नगर में स्थित एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भर जाने से मौत होने की घटना के दो दिन बाद की गई है.

दृष्टि (द विजन) जैसे कई प्रमुख कोचिंग सेंटर कार्रवाई का सामना करने वाले संस्थानों में शामिल हैं.

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि नगर निगम ने ओल्ड राजेंद्र नगर में अतिक्रमण-रोधी अभियान भी चलाया, जिसमें उन संरचनाओं को ध्वस्त किया गया जो बरसाती नालों को ढक रही थीं, जिसके कारण इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे.

एमसीडी आयुक्त अश्विनी कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि शहर के अन्य हिस्सों में भी अवैध रूप से बेसमेंट का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग अभियान चलाया जाएगा.

अधिकारियों ने बताया कि अब तक राजेंद्र नगर और मुखर्जी नगर में कोचिंग संस्थानों के 20 बेसमेंट को सील कर दिया गया है, जिनका अवैध रूप से पुस्तकालयों या कक्षाएं संचालित करने के लिए उपयोग किया जा रहा था.

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सोमवार को एमसीडी की जांच के दायरे में आए प्रमुख कोचिंग संस्थानों में - राजेंद्र नगर में दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट, वाजी राम एंड रवि आईएएस हब और श्रीराम आईएएस इंस्टीट्यूट और मुखर्जी नगर में दृष्टि (द विजन) शामिल हैं.

बयान में कहा गया कि वाजी राम एंड रवि आईएएस हब की इमारत के तीन बेसमेंट सील किये गए हैं.

भारी बारिश के कारण मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में राव आईएएस स्टडी सर्किल के बेसमेंट में पानी भर जाने से कोचिंग सेंटर का एकमात्र बायोमेट्रिक प्रवेश व निकास द्वार कथित तौर पर खुल नहीं पाया था.

एमसीडी के एक अधिकारी ने बताया कि इलाके में अवैध रूप से बेसमेंट का इस्तेमाल करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. अधिकारी ने बताया कि बाद में बेसमेंट से अवैध रूप से संचालित किये जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ पूरे शहर में इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा.

मुखर्जी नगर के एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रहे एवं संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे एक अभ्यर्थी ने बताया कि शनिवार की घटना के बाद से ज्यादातर कोचिंग सेंटर की लाइब्रेरी बंद कर दी गई है.

छात्र ने बताया, "मुझे डेढ़ महीने में ‘यूपीएससी मेन्स’ की परीक्षा में शामिल होना है और मेरे कोचिंग सेंटर की लाइब्रेरी बंद कर दी गई है. मेरी किताबें और तैयारी का सारा सामान लाइब्रेरी में है और अब मुझे वहां से अपनी किताबें लेने की अनुमति नहीं दी जा रही."

छात्र ने बताया, "रविवार रात हमें एक संदेश मिला, जिसमें कहा गया था कि हमें आज सुबह 6 बजे तक अपनी किताबें आदि लाइब्रेरी से ले लेनी चाहिए. मैं सो रहा था, इसलिए मैं सुबह तक उन्हें कैसे ले सकता था. यहां ज्यादातर छात्र यूपीएससी मेन्स की तैयारी कर रहे हैं."

रविवार को नगर निगम ने इलाके में 13 अवैध कोचिंग सेंटर को सील कर दिया था. राव आईएएस स्टडी सर्किल को पुलिस ने पहले ही सील कर दिया है, जहां शनिवार को तीन छात्रों की मौत हुई थी.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2024 10:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).