देश की खबरें | कालीकट विश्वविद्यालय में युवा महोत्सव के दौरान दो छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, कई घायल

त्रिशूर (केरल), 28 जनवरी केरल में त्रिशूर जिले के माला में एक विश्वविद्यालय में युवा महोत्सव के दौरान ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई)’ और ‘केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू)’ के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसमें कई विद्यार्थी घायल हो गए।

एसएफआई मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से संबद्ध है जबकि केएसयू कांग्रेस से जुड़ा है।

टेलीविजन चैनलों ने कालीकट विश्वविद्यालय में चल रहे ‘डी-ज़ोन महोत्सव’ में प्रतिद्वंद्वी छात्र संगठनों के बीच हिंसक झड़प के चौंकाने वाले दृश्य प्रसारित किए।

यह विवाद कथित तौर पर सोमवार मध्य रात्रि को प्रतियोगिताओं के समय को लेकर शुरू हुआ, जिसके बाद पुलिस को शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।

विद्यार्थियों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और कुर्सियों से हमला किया।

वीडियो फुटेज में यह भी नजर आ रहा है कि घायल विद्यार्थियों को अस्पताल ले जाते समय एक एम्बुलेंस को निशाना बनाया गया।

सूत्रों ने बताया कि घायल विद्यार्थियों को पास के सरकारी अस्पतालों में ले जाया गया।

मंगलवार को एसएफआई ने दावा किया कि घायलों में उसका एक सदस्य है जो गंभीर रूप से जख्मी है। उसने केएसयू कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया।

वहीं, केएसयू के प्रदेश अध्यक्ष एलोशियस जेवियर ने एसएफआई पर जानबूझकर उत्सव के दौरान परेशानी पैदा करने का आरोप लगाया, ताकि कार्यक्रम को बाधित किया जा सके। उन्होंने दावा किया कि हिंसा एक पूर्व नियोजित योजना का हिस्सा थी।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दो प्राथमिकियां दर्ज की हैं और इस घटना के सिलसिले में 20 लोगों पर मामला दर्ज किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)