देश की खबरें | भागवत के ‘डीएनए’ बयान का हवाला देते हुए दिग्विजय ने धर्मांतरण विरोधी कानून की जरुरत पर सवाल उठाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के ‘‘सभी भारतीयों का डीएनए समान है’’ वाले बयान को लेकर उन पर हमला जारी रखते हुए कहा कि अगर ऐसा ही है तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में धर्म परिवर्तन और अंतर धार्मिक विवाह के खिलाफ कानून लाने की क्या जरूरत थी।
सीहोर (मप्र), आठ जुलाई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के ‘‘सभी भारतीयों का डीएनए समान है’’ वाले बयान को लेकर उन पर हमला जारी रखते हुए कहा कि अगर ऐसा ही है तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में धर्म परिवर्तन और अंतर धार्मिक विवाह के खिलाफ कानून लाने की क्या जरूरत थी।
मध्यप्रदेश सहित भाजपा शासित कुछ राज्यों ने ऐसे कानून बनाए हैं जो धोखे से शादी या कपटपूर्ण तरीकों से धर्मांतरण को प्रतिबंधित करते हैं।
भागवत के बयान पर किए गए सवाल पर सिंह ने बुधवार रात यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘ यदि हिन्दू-मुसलमान का डीएनए एक ही है तो धर्म परिवर्तन कानून और लव-जिहाद कानून की क्या जरूरत थी? फिर मोहन भागवत जी और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का डीएनए एक ही है।’’
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को गाजियाबाद में राष्ट्रीय मुस्लिम मंच द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि सभी भारतीयों का डीएनए एक है,चाहे वे किसी भी धर्म के हों। आरएसएस प्रमुख ने भीड़ द्वारा पीटकर हत्या की घटनाओं में शामिल लोगों पर हमला बोलते हुए कहा था, ‘‘वे लोग हिंदुत्व के खिलाफ हैं।’’
भाजपा व आरएसएस के कटु आलोचक सिंह ने भागवत के बयान के अगले ही दिन कहा था कि यदि भागवत अपने शब्दों पर खरे हैं तो उन्हें निर्देश देना चाहिए कि भगवा पार्टी के उन सभी नेताओं को उनके पदों से हटा दिया जाए जिन्होंने निर्दोष मुसलमानों को ‘परेशान’ किया।
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आरएसएस प्रमुख की आलोचना को लेकर बृहस्पतिवार को सिंह पर निशाना साधा। मिश्रा ने ट्विटर पर कहा कि भागवत की सोच राष्ट्र की एकता और अखंडता की है वहीं सिंह की सोच उससे विपरीत है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)