सिंगापुर,सात अगस्त सिंगापुर में भारतीय मूल की महिला को नस्ल के आधार पर अपमानित करने तथा उसके सीने में लात मारने के जुर्म में चीनी मूल के व्यक्ति को सोमवार को तीन महीने के कैद की सजा सुनाई गयी। दोषी सिंगापुर का नागरिक है।
आरोपी वोंग जिंग फोंग (32) ने सात मई 2021 को भारतीय मूल की महिला मैडम हिंडोचा नीता विष्णुभाई (57) पर चोआ चू कांग आवासीय इलाके में कोविड-19 महामारी के दौरान हमला किया था।
जिला न्यायाधीश सैफुद्दीन सरूवन ने वोंग को 13.20 सिंगापुरी डॉलर का जुर्माना देने का निर्देश दिया और कहा कि सिंगापुर के समाज में नस्ल एवं धार्मिक शत्रुता के घातक परिणाम हो सकते हैं।
न्यायाधीश ने सोमवार को सजा सुनाते हुए कहा कि इस मामले में निवारक सजा सर्वोपरि है। साथ ही न्यायाधीश ने कहा कि आरोपी ने बेखौफ होकर अपराध को अंजाम दिया और उसे जरा भी पछतावा नहीं है।
मामले की नौ दिन की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति सैफुद्दीन ने जून में वोंग को हमला करने और पीड़िता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का दोषी ठहराया। सुनवाई के दौरान वोंग ने नस्ली अपमान के आरोपों से इनकार किया।
इस मामले में सात मई 2021 को शुरू हुई सुनवाई के दौरान नीता ने अपने बयान में कहा कि वह चोआ चू कांग स्टेडियम की ओर तेजी से जा (ब्रिस्क वाकिंग) रही थी, जहां वह एक फूड रेस्त्रां में काम करती थी। इस दौरान नीता को किसी ने जोर से चिल्लाने की आवाज सुनी।
नीता ने अपनी गवाही में कहा कि चिल्लाने की आवाज आने पर उन्होंने मुड़ कर देखा तो वहां वोंग अपनी मंगेतर केचुआ सुन हान के साथ था। वह नीता को मास्क लगाने के लिए कह रहा था। उस वक्त कोरोना वायरस संक्रमण का दौर था और तेजी से चलने के कारण पीड़िता का मास्क नीचे सरक गया था।
कोविड-19 महामारी के कारण उस वक्त मास्क पहनना अनिवार्य था, लेकिन खेल कूद और ब्रिस्कवॉक के दौरान इसमें छूट मिली थी।
उप लोक अभियोजक मारकस फू और जोनाथन ली ने कहा कि नीता ने वोंग को बताया कि वह ब्रिस्क वॉक कर रही थी और उसे पसीना निकल रहा था। उन्होंने बताया कि इसी दौरान वोंग ने महिला के सीने में लात मारी।
गवाही के दौरान नीता न्यायाधीश के समक्ष रो पड़ीं। नीता ने कहा, ‘‘इस घटना में मुझे भावनात्मक तौर पर प्रभावित किया है...मुझे दुख हुआ और डर भी लगा। क्या भारतीय होना गलत है । ऐसा नहीं होना चाहिए था..।’’
शोभना रंजन
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY