बैतूल (मप्र), चार जनवरी मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में 12 साल की लड़की के साथ बलात्कार के आरोपी ने घटना के एक दिन बाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, इसके बाद उसे गिरफ्तार कर बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी ने बताया कि बलात्कार के आरोपी रमेश गुलहाने (58) को आज यहां विशेष पॉक्सो अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
गुलहाने स्थानीय नगर निकाय का पूर्व सदस्य है।
इससे पहले बैतूल जिले की पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद ने बताया कि आरोपी गुलहाने की तलाश के लिए पुलिस ने पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया था, साथ ही साइबर प्रकोष्ठ के साथ-साथ अन्य तकनीकी सहायता ली जा रही थी।
उन्होंने कहा, ‘गुलहाने ने मंगलवार शाम पुलिस नियंत्रण कक्ष पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’’
गौरतलब है कि बैतूल शहर के कोतवाली थाने के एक इलाके में 12 साल की लड़की के साथ सोमवार शाम को कथित तौर पर बलात्कार किया गया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी गुलहाने के घर के बाहर उसकी एक कार एवं एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया था।
इसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए उसे हल्का बल प्रयोग करना पड़ा था।
लड़की ने अपने परिजन को घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस थाने में गुलहाने के खिलाफ भादंसं की धारा 376 और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी ने बताया कि बलात्कार के आरोपी गुलहाने के घर में तोडफ़ोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आठ नामजद आरोपियों को भी गिरफ्तार कर बुधवार को यहां मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया, जहां से इन आठों को भी जेल भेज दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY