देश की खबरें | मुख्यमंत्री सैनी कुरूक्षेत्र के लडवा सीट से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरूक्षेत्र की लडवा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
चंडीगढ़, 30 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरूक्षेत्र की लडवा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा एक अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के वास्ते रविवार तक उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किये जाने की संभावना है।
बडौली से दिल्ली में जब पूछा गया कि मुख्यमंत्री कहां से चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री साहब लडवा से चुनाव लड़ेंगे।’’
सैनी फिलहाल करनाल सीट से हरियाणा विधानसभा के सदस्य हैं। उससे पहले वह 2019 से 2024 तक कुरूक्षेत्र से सांसद थे।
दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में बड़ौली ने हालांकि इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि क्या सैनी करनाल से भी चुनाव लड़ेंगे।
फिलहाल लडवा सीट से कांग्रेस के मेवा सिंह विधायक हैं।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के वास्ते पार्टी के उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बैठक की थी। पार्टी हरियाणा में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लिए कोशिश में जुटी है।
सोनीपत के राय से विधायक बड़ौली ने यह भी कहा कि वह इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि अगले दौर की बैठक के बाद उम्मीदवारों की पहली सूची शीघ्र आ सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
बड़ौली ने कहा कि सीईसी की बैठक के दौरान सभी सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई और दो दिन बाद फिर अगली बैठक होगी।
बड़ौली ने जुलाई में भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष का पदभार संभाला था।
उन्होंने कहा कि पहली सूची में कुछ उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
मार्च में भाजपा ने मनोहरलाल खट्टर को हटाकर ओबीसी नेता सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया था। खट्टर बाद में करनाल से लोकसभा चुनाव जीते और वह अब केंद्रीय मंत्री हैं।
जब सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में खट्टर की जगह ली थी तब वह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष थे और कुरूक्षेत्र से पार्टी के सांसद थे। बाद में उन्होंने करनाल से विधानसभा उपचुनाव जीता । करनाल विधानसभा सीट खट्टर ने खाली की थी।
हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक अक्टूबर को एक चरण में चुनाव होंगे और चार अक्टूबर को परिणाम की घोषणा की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 30, 2024 06:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

