देश की खबरें | दलाई लामा के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए हिमाचल के मुख्यमंत्री

(फोटो के साथ)

कांगड़ा/गंगटोक, छह जुलाई तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका जीवन संवेदनशील प्राणियों की मदद करने और दूसरों को यथासंभव लाभ पहुंचाने के लिए समर्पित है।

दलाई लामा ने यह बात अपने 88वें जन्मदिन के अवसर पर कही।

दलाई लामा ने एक वीडियो क्लिप में कहा, ‘‘ मैं अपने इस जीवन को अपनी सर्वोत्तम क्षमता से और अंतरिक्ष के अंत तक असीमित संवेदनशील प्राणियों की मदद करने के लिए समर्पित करता हूं। मैं दूसरों को यथासंभव लाभ पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प हूं। ’’

दलाईलामा ने कहा, ‘‘मैं आपसे एक साहसी संकल्प अपनाने का आग्रह करता हूं, जैसा कि अमदो के लोमो धोंडुप ने किया है। कृपया मेरे विचारों को समर्थन दें। आपने अब तक जो किया वह सही था। मैं विचार, वचन और मृत्यु से विश्व शांति में योगदान देने की इच्छा रखता हूं। जबकि मैं प्रार्थना करता हूं कि हर कोई बुद्धत्व प्राप्त कर सके।’’

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने व्यक्तिगत रूप से दलाई लामा से मुलाकात करके उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और धर्मशाला के मैकलोडगंज स्थित उनके मंदिर में आयोजित समारोह में भाग लिया।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि तिब्बती समुदाय के लोगों और हिमाचल प्रदेश के बीच 75 वर्षों से गहरा रिश्ता बना हुआ है। उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों के बीच सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व का उल्लेख करते हुए तिब्बती समुदाय के कल्याण के लिए मदद का हाथ बढ़ाने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने दलाई लामा को अहिंसा, करुणा और भाईचारे का अवतार बताते हुए कहा कि उन्हें दुनिया भर में प्रेम, शांति और भाईचारे के अग्रदूत के रूप में जाना जाता है।

वहीं, गंगटोक से प्राप्त खबर के अनुसार सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बृहस्पतिवार को दलाई लामा को उनके 88वें जन्मदिन पर बधाई दी और उनके बेहतर स्वास्थ्य तथा लंबी उम्र की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री तमांग ने दलाईलामा के जन्मदिन के अवसर पर चांदमारी में तिब्बती समुदाय के लिए एक सामुदायिक केंद्र की आधारशिला भी रखी।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ सिक्किम के लोगों की ओर से, मैं परमपावन 14वें दलाई लामा को उनके 88वें जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। ’’

तमांग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित आध्यात्मिक नेता एवं नोबेल पुरस्कार विजेता दलाई लामा की अहिंसा, मानवाधिकार और धार्मिक सहिष्णुता को बढ़ावा देने की उनकी आजीवन प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट योगदान की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई देती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)