देश की खबरें | प्रधान न्यायाधीश चंद्रचूड़ ने न्यायाधीश दिनेश माहेश्वरी की प्रशंसा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी को शुक्रवार को एक "सज्जन न्यायाधीश" बताया, जो उच्चतम न्यायालय में चार साल से अधिक की सेवा देने के बाद 14 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
नयी दिल्ली, 12 मई भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी को शुक्रवार को एक "सज्जन न्यायाधीश" बताया, जो उच्चतम न्यायालय में चार साल से अधिक की सेवा देने के बाद 14 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
न्यायमूर्ति माहेश्वरी की सेवानिवृत्ति के साथ ही शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या कम होकर सीजेआई सहित 33 रह जाएगी।
न्यायमूर्ति माहेश्वरी को विदाई देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में सीजेआई ने कहा, ‘‘मैं न्यायमूर्ति माहेश्वरी को इलाहाबाद उच्च न्यायालय (इलाहाबाद और लखनऊ पीठ, दोनों) के दिनों से जानता हूं। वह लखनऊ में मुझसे वरिष्ठ थे। न्यायमूर्ति माहेश्वरी एक सज्जन न्यायाधीश, एक मित्रवत न्यायाधीश रहे हैं।’’
निवर्तमान न्यायाधीश के शांत व्यवहार का उल्लेख करते हुए न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि उन्हें भी याद नहीं होगा कि आखिरी बार उन्हें कब गुस्सा आया था। यह शब्द ही न्यायाधीश माहेश्वरी के शब्दकोश में नहीं है।’’
सीजेआई ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह आज शाम सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) द्वारा आयोजित किए जाने वाले एक समारोह में अपने विदाई भाषण में कुछ और राज खोलेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि मेरी और उच्चतम न्यायालय के सभी न्यायाधीशों, कर्मचारियों और बार के सदस्यों की ओर से, मैं न्यायमूर्ति माहेश्वरी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं और आशा करता हूं कि वह अच्छा काम करना जारी रखेंगे, जो उन्होंने पहले उच्च न्यायालय और फिर उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में किया है।’’
शीर्ष अदालत के छठे सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति माहेश्वरी ने प्रधान न्यायाधीश, न्यायाधीशों और बार के सदस्यों को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया।
अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणि, एससीबीए अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी और वरिष्ठ वकील ए एम सिंघवी सहित बार के नेताओं ने भी निवर्तमान न्यायाधीश को शुभकामनाएं दीं।
पंद्रह मई, 1958 को राजस्थान के उदयपुर में जन्मे, न्यायमूर्ति माहेश्वरी को 18 जनवरी, 2019 को उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
शुक्रवार को उनके लिए विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया क्योंकि उनका अंतिम कार्य दिवस रविवार को पड़ता है।
न्यायमूर्ति माहेश्वरी 18 जनवरी, 2019 को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश बने थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)