देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : विस्फोटक बनाने वाली फैक्टरी में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत, छह घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार को विस्फोटक बनाने वाली फैक्टरी में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम छह अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बेमेतरा, 25 मई छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार को विस्फोटक बनाने वाली फैक्टरी में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम छह अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट बेरला विकासखंड के पिरदा गांव के पास ‘स्पेशल ब्लास्ट्स लिमिटेड’ नामक फैक्टरी में हुआ।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
रायपुर के डॉक्टर भीमराव आंबेडकर अस्पताल की जनसंपर्क अधिकारी शुभ्रा सिंह ने बताया कि विस्फोट में घायल हुए छह लोगों को इलाज के लिए आंबेडकर अस्पताल लाया गया, जिनमें से दो घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर ले जाया गया।
विस्फोट स्थल का दौरा करने वाले राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बड़ी घटना हुई है। एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीम बचाव अभियान में लगी हुई हैं। एसडीआरएफ की टीम मलबा हटाने में लगी हुई है। मलबा हटने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लगातार हमसे और अधिकारियों के संपर्क में हैं।’’
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और घायलों को अंबेडकर अस्पताल रायपुर और एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायलों का इलाज भी सरकार द्वारा कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि फैक्टरी मालिक पीड़ितों को मुआवजा प्रदान करे।
पड़ोसी दुर्ग जिले से एसडीआरएफ टीम के प्रभारी ईश्वर खरे ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि उनकी 13 सदस्यीय टीम विस्फोट स्थल पर बचाव अभियान में लगी हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)