देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय ने योगाभ्यास कार्यक्रम में शिरकत की

रायपुर, 21 जून छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि साय ने यहां सैकड़ों लोगों के साथ योग किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा, ''यह देखकर प्रसन्नता होती है कि जिन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए पूरी दुनिया में योग दिवस मनाया जाता है, वह उद्देश्य आज सफल हो रहा है। योग का प्रचार और प्रसार आज पूरी दुनिया में हो रहा है। भारत में भी इसे लेकर अद्भुत जागरुकता आई है। योग दिवस के अवसर पर जो उत्साह आज यहां पर नजर आ रहा है, वैसा ही उत्साह प्रदेश के सभी जिले, ब्लाक और गांवों में भी है।''

साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा,‘‘ योग का अर्थ होता है जोड़ना। योग की प्राचीन परंपरा हम सभी को स्वस्थ जीवन पद्धति से जोड़ती है। योग हमारे मन और मस्तिष्क को आपस में जोड़ता है। योग की प्रक्रिया हमें आध्यात्म और उच्च जीवन मूल्यों से भी जोड़ती है।’’

उन्होंने कहा कि व्यक्ति से ही समाज का निर्माण होता है। योग केवल स्वस्थ जीवन के लिए ही नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए भी जरूरी है।

साय ने कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों से कहा, ''आप सभी योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करेंगे तो विद्यार्थी-जीवन संवर जाएगा। योग से एकाग्रता आती है और याददाश्त बढ़ती है। निश्चित रूप से आपको इसका बड़ा लाभ मिलेगा।''

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान पार्टी के विधायक, राज्य शासन के अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों और सांसदों ने राज्य के अलग अलग जिला मुख्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)