देश की खबरें | छठ पूजा : दिल्ली पुलिस ने जारी किया यातायात परामर्श

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर आईटीओ और वजीराबाद के पास यमुना घाट पर छठ पूजा के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने रविवार को परामर्श जारी किया।

दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया है, 30-31 अक्टूबर को यमुना के विभिन्न घाटों पर शाम 4 से 10 बजे और सुबह 4 से 8 बजे तक छठ पूजा का आयोजन हो रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यात्रियों को परामर्श दिया जाता है कि वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निम्न रास्तों से होकर जाएं... 1- ओल्ड वजीराबाद पुल की जगह सिग्नेचर ब्रिज का उपयोग करें। 2- लक्ष्मी नगर लाल बत्ती से अक्षरधाम की ओर गीता कालोनी फ्लाई ओवर और यमुना पुश्ता रोड का उपयोग करें।’’

सूर्य और छठी मईया की पूजा के लिए 36 घंटे लंबा निर्जला व्रत करने वाले व्रतियों ने शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य दिया। चार दिन चलने वाली छठ पूजा के पहले दिन ‘नहाय खाए’ होता है, दूसरे दिन खरना होता है जिसमें व्रतियों के लिए मीठा भोजन, सामान्य रूप से रोटी और रसियाव (बिना दूध का खीर) बनता है, तीसरे दिन व्रती शाम को सूर्य को अर्ध्य देते हैं और चौथे दिन उगते हुए सूर्य को अर्ध्य देने के साथ ही छठी मईया की पूजा और छठ व्रत संपन्न हो जाता है। इस दौरान मन्नत मांगने वाले लोग/व्रती कोशी भी भरते हैं। छठ पूजा दीवाली से छठे दिन, षष्टी को होती है।

इस साल की पूजा 28 अक्टूबर शुक्रवार से शुरू होकर सोमवार 31 अक्टूबर को संपन्न होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)