देश की खबरें | अभिनेत्री क्रिसन परेरा को मादक पदार्थ मामले में फंसाने को लेकर तीन व्यक्तियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर

मुंबई, 21 जून मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री क्रिसन परेरा को मादक पदार्थ मामले में फंसाने के आरोप में तीन व्यक्तियों के खिलाफ बुधवार को आरोपपत्र दायर किया।

परेरा (27) को शरजाह, संयुक्त अरब अमीरात की एक जेल में करीब एक महीना रहना पड़ा था, जब आरोपियों द्वारा उन्हें दिए गए एक स्मृति चिह्न में थोड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिला था।

आरोपियों ने मुंबई के ‘डीजे’ क्लेटन रोड्रिग्स को भी कथित तौर पर इसी तरह से निशाना बनाया था। रोड्रिग्स को मादक पदार्थ रखने के आरोप में शारजाह की एक अदालत ने 25 साल की जेल की सजा सुनाई थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 1,514 पन्नों का आरोपपत्र यहां एक मजिस्ट्रेट की अदालत में दायर किया गया, जिसमें एंथनी पॉल, उसके दोस्त राजेश उर्फ रवि बोभाटे और उन्हें मादक पदार्थ मुहैया कराने वाले एक अन्य व्यक्ति का नाम है।

महेश भट्ट द्वारा निर्देशित बॉलीवुड फिल्म "सड़क 2" में अभिनय करने वाली परेरा को एक अप्रैल को शरजाह हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था, जब उस स्मृति चिह्न के अंदर मादक पदार्थ पाया गया था, जिसे आरोपियों ने उनसे संयुक्त अरब अमीरात में किसी को सौंपने के लिए कहा था।

परेरा की गिरफ्तारी के बाद, पॉल और बोभाटे ने कथित तौर पर उनकी रिहाई की व्यवस्था करने के लिए उनकी मां से 80 लाख रुपये की मांग की थी।

मुंबई पुलिस द्वारा संयुक्त अरब अमीरात में अधिकारियों को मामले से संबंधित दस्तावेज भेजे जाने के बाद अभिनेत्री को रिहा कर दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)