मास्को/दुबई, 23 अगस्त रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम विश्व के उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने बुधवार को चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर भारत को बधाई दी।
उन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण को वैज्ञानिक-प्रौद्योगिकीय क्षेत्र में भारत की प्रभावशाली प्रगति का साक्ष्य बताया।
रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ की प्रेस सेवा ने कहा कि पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने पर बधाई दी।
पुतिन ने अपने संदेश में कहा, ‘‘भारत के चंद्रयान-3 अंतरिक्षयान के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने पर मेरी हार्थिक बधाई। यह बाहरी अंतरिक्ष के अन्वेषण और बेशक विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत की प्रभावशाली प्रगति का साक्ष्य है।’’
शेख मोहम्मद ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अंतरिक्षयान उतारने वाला प्रथम देश बनने पर भारत को बधाई दी।
उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने के लिए भारत में हमारे मित्रों को बधाई। भारत ने इतिहास रचना जारी रखा है।’’
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड ने भी चंद्रयान की सफलता पर अपने भारतीय समकक्ष को बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और भारत की इसरो टीम को चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने के लिए बधाई देता हूं।’’
ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने इसे एक ‘ऐतिहासिक क्षण’ बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सबसे पहले पहुंचने के लिए भारत को बधाई।’’
मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने इतिहास रचने के लिए भारत को बधाई दी।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भारत ने इतिहास रचा है! एक दक्षिण एशियाई राष्ट्र और पड़ोसी देश होने के नाते हम चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने से गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इसने अन्वेषण के नये क्षेत्रों के नये रास्ते खोले हैं।’’
भारत के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 ने 41 दिनों की यात्रा के बाद बुधवार शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह को छुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY