तिरुवनंतपुरम, 14 जुलाई केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को तीसरे चंद्र अभियान ‘चंद्रयान-3’ के सफल प्रक्षेपण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की टीम को बधाई दी और इसे देश के लिए ‘‘ऐतिहासिक उपलब्धि’’ करार दिया।
विजयन ने ट्वीट कर कहा कि यह सभी भारतीयों के लिए ‘‘गर्व का क्षण’’ है और यह मिशन अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिणाम लाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इसरो द्वारा तीसरे चंद्र अभियान ‘चंद्रयान-3’ का प्रक्षेपण सभी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है। इसके सफल प्रक्षेपण के लिए काम करने वाली पूरी टीम को बधाई।’’
भारत ने शुक्रवार को यहां एलवीएम3-एम4 रॉकेट के जरिए अपने तीसरे चंद्र मिशन-‘चंद्रयान-3’ का सफल प्रक्षेपण किया। इस अभियान के तहत चंद्र सतह पर एक बार फिर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ का प्रयास किया जाएगा।
इसमें सफलता मिलते ही भारत ऐसी उपलब्धि हासिल कर चुके अमेरिका, पूर्व सोवियत संघ और चीन जैसे देशों के क्लब में शामिल हो जाएगा और यह इस तरह का कीर्तिमान स्थापित करने वाला विश्व का चौथा देश बन जाएगा।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ 23 अगस्त को शाम पांच बजकर 47 मिनट पर किए जाने की योजना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY