देश की खबरें | चंद्रबाबू की गिरफ्तारी : तेदेपा प्रमुख के पुत्र ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर हस्तक्षेप का आग्रह किया

नयी दिल्ली, 26 सितंबर तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के महासचिव नारा लोकेश ने मंगलवार को यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। लोकेश ने कथित धोखाधड़ी मामले में उनके पिता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की "अवैध" गिरफ्तारी से जुड़े मामले में उनसे हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

आंध्र प्रदेश अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने तेदेपा प्रमुख नायडू को नौ सितंबर को 371 करोड़ रुपये के कथित कौशल विकास निगम घोटाले में गिरफ्तार किया था। उनकी न्यायिक हिरासत पांच अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है।

लोकेश ने राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपे एक ज्ञापन में कहा, "इस मनगढ़ंत घोटाले को साबित करने वाला कोई सबूत नहीं है... ये आरोप और कुछ नहीं, बल्कि उनकी बेदाग छवि और प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से एक राजनीतिक साजिश प्रतीत होते हैं।"

उन्होंने दावा किया कि नायडू की ‘अवैध’ गिरफ्तारी प्रतिशोधात्मक राजनीति और सत्ता के दुरुपयोग की पराकाष्ठा है और यह वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने के बाद से ही देखी जा रही है।

लोकेश ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के कार्यकाल में लोकतांत्रिक सिद्धांतों का लगातार क्षरण हुआ है।

इस भेंट के दौरान तेदेपा के कुछ अन्य नेता भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)