Chandigarh Bomb Threat: मानसिक स्वास्थ्य संस्थान को मिली बम की झूठी धमकी
चंडीगढ़ के एक मानसिक स्वास्थ्य संस्थान को बुधवार को ईमेल पर बम की धमकी मिली, लेकिन बाद में पता चला कि यह झूठी धमकी थी. पुलिस ने यह जानकारी दी है.
चंडीगढ़, 12 जून : चंडीगढ़ के एक मानसिक स्वास्थ्य संस्थान को बुधवार को ईमेल पर बम की धमकी मिली, लेकिन बाद में पता चला कि यह झूठी धमकी थी. पुलिस ने यह जानकारी दी है. पुलिस ने बताया कि सुबह ईमेल मिलने के बाद मरीजों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया. संस्थान के एक अधिकारी ने दावा किया कि यही ईमेल दिल्ली और दक्षिण भारत के कई अस्पतालों को भेजा गया था. चंडीगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उन्होंने इलाके की घेराबंदी कर दी और मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला.
चंडीगढ़ पुलिस उपाधीक्षक (दक्षिण) दलवीर सिंह ने कहा, "हमें कुछ नहीं मिला." ईमेल के बारे में पुलिस को सूचित किए जाने के बाद पुलिस कर्मियों के अलावा, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया था. चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान की उप चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अपराजिता ने संवाददाताओं को बताया कि अस्पताल को सुबह ईमेल पर बम की धमकी मिली थी. उन्होंने बताया कि उस समय अस्पताल में मरीज, डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों सहित करीब 100 लोग मौजूद थे. यह भी पढ़ें: Mayavati Appreciates: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई को मायावती ने सराहा
डॉक्टर ने बताया, "हमें एक ईमेल मिला. हमारे केंद्र के अलावा देश के कई मनोरोग अस्पतालों को ईमेल भेजा गया है. इसमें कहा गया है कि अस्पताल में बम है." एक सवाल का जवाब देते हुए डॉक्टर अपराजिता ने कहा, "हमने ईमेल पुलिस को भेज दिया है. भेजने वाले का नाम पता नहीं चल पाया है. यह ईमेल किसी निजी ईमेल आईडी से भेजा गया है." यह पूछे जाने पर कि ईमेल में और किन अस्पतालों का जिक्र है उन्होंने कहा, "इसमें दिल्ली के कुछ अस्पतालों का, दक्षिण भारत के कुछ अस्पतालों का और रांची के सीआईपी (केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान) का नाम है." उप चिकित्सा अधीक्षक ने कहा, "ईमेल में लिखा है कि अस्पताल में बम है और सभी लोग मरेंगे.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 12, 2024 04:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

