देश की खबरें | दिल्ली में सड़कों के निर्माण, रखरखाव, सौंदर्यीकरण के लिए 700 करोड़ रुपये देगा केंद्र

नयी दिल्ली, 21 दिसंबर केंद्र ने राष्ट्रीय राजधानी में सड़कों के निर्माण, मरम्मत, रखरखाव और सौंदर्यीकरण के लिए दिल्ली को 700 करोड़ रुपये देने का फैसला किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

राज निवास द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना के बीच हुई एक बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया।

राष्ट्रीय राजधानी में सड़कों के निर्माण, मरम्मत, रखरखाव और सौंदर्यीकरण के लिए दिल्ली को केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) से 700 करोड़ रुपये प्रदान करने का फैसला किया गया।

बयान में कहा गया, ‘‘दिल्ली में सड़क का स्वामित्व रखने वाली पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) और एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) आदि जैसी एजेंसियों के लिए यह अप्रत्याशित राशि राजधानी में सड़क के बुनियादी ढांचे को बदलने में बहुत मदद करेगी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) को शहर में अपनी सभी सड़कों की मरम्मत, नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण की लागत वहन करने का भी निर्देश दिया। साथ ही महिपालपुर (आईजीआई हवाई अड्डे) और धौला कुआं के बीच सड़क के खंड के उन्नयन में होने वाली लागत को वहन करने का भी निर्देश दिया गया। इस खंड पर काम उपराज्यपाल की सीधी निगरानी में मिशन मोड में किया जा रहा है।’’

दिल्ली के उपराज्यपाल ने इसके लिए मंत्री को धन्यवाद दिया।

बयान में कहा गया कि उपराज्यपाल ने एनएचएआई दिल्ली में तीन लैंडफिल स्थलों पर एकत्र 20 लाख टन से अधिक के कचरे को उठाकर उसका उपयोग किए जाने का अनुरोध किया था, जिसके मद्देनजर केंद्रीय मंत्री ने एनएचएआई को पूरा कचरा उठाकर अपनी सड़क निर्माण गतिविधियों में इस्तेमाल करने का निर्देश दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)