देश की खबरें | केन्द्र ने पीएमएवाई-यू के तहत 1.19 करोड़ घरों को मंजूरी दी, 75 लाख घर लाभार्थियों को मिले : पुरी

नयी दिल्ली, 18 जुलाई केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को कहा कि केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-शहरी) के तहत 1.19 करोड़ घरों को मंजूरी दी जिनमें से 75 लाख घर लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं।

पुरी ने यहां 'कनेक्ट करो 2023' कार्यक्रम में कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के परिणामस्वरूप पूरे भारत में स्वच्छता के प्रति लोगों के व्यवहार में बदलाव आया है।

केन्द्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण 2014 में 17 प्रतिशत से बढ़कर आज 76 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि लगभग 73.6 लाख व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालयों के निर्माण से शहर और कस्बे खुले में शौच से मुक्त हो गये हैं।

पुरी ने शहरी परिवहन के बारे में बात करते हुए कहा कि भारत में 860 किलोमीटर परिचालन वाली मेट्रो लाइनें हैं और लगभग 917 किलोमीटर निर्माणाधीन हैं।

एक बयान के मुताबिक पुरी ने कार्यक्रम में कहा, ‘‘ जल्द ही हम दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश बनने जा रहे हैं। हमें अपनी मेट्रो प्रणाली पर गर्व होना चाहिए। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)