नयी दिल्ली, एक अप्रैल तस्करी कर चीन भेजे जा रहे करीब 21 लाख मोरपंख की बरामदगी मामले की जांच सीबीआई ने अपने हाथों में ले ली है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सीमा शुल्क विभाग ने प्लास्टिक पाइप की आड़ में चीन भेजे जा रहे इन पंखों को जब्त किया था।
अधिकारियों ने बताया कि सीलमपुर के एक निर्यातक अयाज अहमद ने 2,565 किलो माल भेजने के लिए बुक किया था जिसकी कीमत करीब 5.25 करोड़ रुपये थी। अहमद ग्लैक्सी राइडर नाम की कंपनी के मालिक हैं।
उन्होंने बताया कि सीमा शुल्क विभाग के दल ने मार्च में दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित इनलैंड कन्टेनर डिपो से यह पंख जब्त किए थे।
अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी ने इस मामले में अहमद और उनकी कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एक अधिकारी ने कहा, '' सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बिना मोर का शिकार किए इतनी बड़ी संख्या में पंख मिलना संभव नहीं है और यह एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा है।''
उल्लेखनीय है कि मोर का शिकार करना प्रतिबंधित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY