देश की खबरें | सीबीआई को ‘जासूसी’ मामले में मनीष सिसोदिया को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए : भाजपा की दिल्ली इकाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने बुधवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से ‘फीडबैक यूनिट’ द्वारा ‘‘जासूसी’’ से संबंधित मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को तुरंत गिरफ्तार करने और इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ‘‘भूमिका’’ की जांच करने की मांग की।
नयी दिल्ली, 22 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने बुधवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से ‘फीडबैक यूनिट’ द्वारा ‘‘जासूसी’’ से संबंधित मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को तुरंत गिरफ्तार करने और इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ‘‘भूमिका’’ की जांच करने की मांग की।
केंद्र द्वारा सीबीआई को अभियोजन की मंजूरी देकर सिसोदिया के खिलाफ एक नया मामला दर्ज करने का रास्ता साफ होने के बाद भाजपा की प्रतिक्रिया आई है।
भाजपा की दिल्ली इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के लोग एक सरकारी विभाग के माध्यम से कथित तौर पर राजनीतिक खुफिया जानकारी एकत्र करने के मामले में सिसोदिया के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए सीबीआई को दी गई मंजूरी का स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि सीबीआई तुरंत सिसोदिया को गिरफ्तार करे और जासूसी के असली आरोपी अरविंद केजरीवाल की भी जांच होनी चाहिए।’’
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को दिल्ली के उपराज्यपाल कार्यालय को अवगत कराया कि सिसोदिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम, 1988 की धारा 17 के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी गई है।
इस कदम को लेकर केंद्र की आलोचना करते हुए सिसोदिया ने कहा कि पार्टी जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, आप नेताओं के खिलाफ और ‘तुच्छ’ मामले दर्ज किए जाएंगे।
सीबीआई ने कहा था कि उसने अपनी प्रारंभिक जांच में पाया कि भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के लिए दिल्ली सरकार द्वारा स्थापित ‘‘फीडबैक यूनिट’’ ने कथित तौर पर ‘‘राजनीतिक खुफिया जानकारी’’ एकत्र की। एजेंसी ने सिसोदिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की सिफारिश की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)