देश की खबरें | सीबीआई ने राजस्थान पुलिस अधिकारी की आत्महत्या के मामले में गहलोत के ओएसडी से पूछताछ की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 20 जुलाई सीबीआई ने राजस्थान के पुलिस अधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई की चुरु में 23 मई को कथित आत्महत्या के मामले में राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी, देव राम सैनी से मंगलवार को पूछताछ की।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से सीबीआई की विशेष अपराध शाखा की एक टीम राजगढ़ के थाना प्रभारी (एसएचओ), विश्नोई की मौत के सिलसिले में बयान दर्ज करने के लिए जयपुर में मौजूद है। उनका शव चुरु में अपने आधिकारिक निवास में पंखे से लटकता हुआ मिला था।

यह भी पढ़े | N-95 Mask Warning: छिद्रयुक्त श्वासयंत्र लगे एन-95 मास्क से नहीं होगा वायरस से बचाव, केंद्र सरकार ने जारी की चेतावनी.

यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब राजस्थान सरकार सचिन पायलट की बगावत और उनको उपमुख्यमंत्री पद से बर्खास्त किए जाने के बाद सियासी संकट का सामना कर रही है।

हालांकि, सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि एजेंसी इस मामले में पेशेवर तरीके से जांच कर रही है जो उसे खुद राज्य सरकार ने सौंपी है।

यह भी पढ़े | Assam 'Bahubali' Fake Viral Image: हिरण के बच्चे को डूबने से बचाते हुए लड़के की तस्वीरें वायरल, पोस्ट में उसे बताया गया असम का असली बाहुबली, जानें क्या है इस दावे की सच्चाई.

एजेंसी ने सोमवार की शाम कांग्रेस विधायक कृष्णा पूनिया से उनके जयपुर स्थित घर में तीन घंटे तक पूछताछ की थी।

सूत्रों ने कहा कि मामले के विभिन्न पहलुओं को जानने के लिए लोगों से पूछताछ की जा रही है और इसका यह मतलब नहीं है कि वे आरोपी हैं क्योंकि अंतिम तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी।

राजस्थान सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है।

उन्होंने बताया कि विश्नोई के भाई ने राजस्थान पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनपर अत्यधिक दबाव था जिस कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

विश्नोई के पास से दो सुसाइड नोट बरामद किए गए थे- एक उनके माता-पिता के नाम और दूसरा जिले के पुलिस अधीक्षक के नाम।

पुलिस अधीक्षक के नाम लिखे सुसाइड नोट में, विश्नोई ने कहा कि वह उनपर डाले जा रहे दबाव को नहीं झेल पा रहे हैं। इसमें उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने राजस्थान पुलिस को अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की।

कथित व्हाट्सऐप चैट का एक स्क्रीनशॉट भी वायरल हो गया है जिसमें विश्नोई अपने कार्यकर्ता दोस्त से कह रहे हैं कि वह गंदी राजनीति में फंस गए हैं।

भाजपा और बसपा के नेताओं का आरोप है कि अपनी इमानदारी और मेहनत के लिए जाने जाने वाले अधिकारी पर कांग्रेस विधायक पूनिया ने दबाव बनाया। हालांकि पूनिया इस आरोप से इनकार करती रही हैं।

पूनिया राजस्थान में सदुलपूर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)