कोलकाता, तीन अगस्त केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित मवेशी तस्करी घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में बुधवार को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में 13 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सीबीआई के दलों ने इलमबाज़ार और नानूर इलाके में स्थित मोहम्मद नजीबुद्दीन उर्फ तुलु मंडल, अब्दुल करीम खान और जियाउला हक शेख उर्फ मुक्तो समेत तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थानीय नेताओं के आवासों पर छापेमारी की।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने टीएमसी के बीरभूम अध्यक्ष अनुब्रत मंडल के सहयोगी एवं पत्थर कारोबारी टुलु मंडल के आवास पर भी छापेमारी की।
अधिकारियों में से एक ने बताया, ''करीम खान काफी समय से फरार हैं और उनका मोबाइल नंबर भी पहुंच से बाहर है।''
मंडल इससे पहले दो बार सीबीआई के समक्ष पेश हुए थे। जांच के तहत उनके निजी अंगरक्षक को भी गिरफ्तार किया गया है।
सीबीआई ने एक बयान में कहा, छापेमारी के दौरान 17 लाख रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन सहित विद्युत उपकरण, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क के अलावा कई आपत्तिजनक दस्तावेज और लॉकर की चाबी बरामद की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY