देश की खबरें | झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले 1.25 करोड़ रूपये की नकदी, शराब और मादक पदार्थ जब्त

रांची, 18 अक्टूबर झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा एवं आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से राज्य में कुल 1.25 करोड़ मूल्य की नकदी, शराब, मदाक पदार्थ और मुफ्त में बांटी जाने वाली सामग्री जब्त की गई है। निर्वाचन अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

राज्य विधानसभा के लिए दो चरणों में 13 नवंबर और 20 नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नेहा अरोड़ा ने बताया, ‘‘विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में कुल 1.25 करोड़ रुपये की नकदी और सामान जब्त किया गया है। इसमें 28 लाख रुपये नकद, 21 लाख रुपये की शराब, 18 लाख रुपये के मादक पदार्थ और 64 लाख रुपये के मुफ्त में बांटे जाने वाले सामान शामिल हैं।’’

उन्होंने कहा कि मुफ्त में बांटी जाने वाली वस्तुओं की श्रेणी में वे वस्तुएं शामिल हैं जिनका उपयोग मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जाता है।

अरोड़ा ने बताया कि राज्य पुलिस विभाग ने 64 लाख रुपये की जब्ती की है, जबकि राज्य वस्तु एवं सेवा कर/वाणिज्य कर विभाग ने 28 लाख रुपये और राज्य आबकारी विभाग ने 24 लाख रुपये जब्त किए हैं।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीट पर चुनाव होगा जिसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत शुक्रवार को हुई और अबतक मिली जानकारी के मुताबिक तीन नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)