खेल की खबरें | हरियाणा और पंजाब ओलंपिक पदक विजेताओं के लिये नकद पुरस्कारों की घोषणा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. हरियाणा और पंजाब की सरकारों ने ओलंपिक पदक विजेताओं के लिये गुरुवार को नकद पुरस्कारों की घोषणा की जिनमें पुरुष हॉकी टीम के सदस्य और पहलवान रवि दहिया शामिल हैं।
चंडीगढ़, पांच अगस्त हरियाणा और पंजाब की सरकारों ने ओलंपिक पदक विजेताओं के लिये गुरुवार को नकद पुरस्कारों की घोषणा की जिनमें पुरुष हॉकी टीम के सदस्य और पहलवान रवि दहिया शामिल हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दहिया की प्रशंसा की जो सोनीपत में नाहरी गांव के हैं। दहिया 57 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में हार गये थे।
खट्टर ने कहा, ‘‘हमारे पहलवान रवि दहिया ने करीबी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। मैं उन्हें रजत पदक जीतने पर बधाई देता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार की ओलंपिक रजत पदक विजेताओं के लिये नीति के अनुसार उन्हें चार करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि मिलेगी। हम उन्हें क्लास वन की नौकरी तथा कम दरों पर प्लॉट भी देंगे।’’
खट्टर ने कहा कि दहिया के गांव में कुश्ती का इंडोर स्टेडियम भी तैयार किया जाएगा।
खट्टर ने ट्वीट में कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम में शामिल हरियाणा के दोनों खिलाड़ियों में से प्रत्येक के लिये 2.5 करोड़ रुपये, नौकरी और प्लॉट देने की घोषणा की।
इससे पहले पंजाब सरकार ने तोक्यो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम में शामिल राज्य के प्रत्येक खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी।
पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने भारत के कांस्य पदक के प्ले आफ में जर्मनी को 5-4 से हराने के बाद यह घोषणा की।
सोढ़ी ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय हॉकी के लिए इस ऐतिहासिक दिन मुझे यह घोषणा करते हुए खुश है कि (टीम में शामिल) पंजाब के प्रत्येक खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। हम आपकी वापसी का इंतजार करेंगे और ओलंपिक में पदक का जश्न मनाएंगे।’’
कप्तान मनप्रीत सिंह सहित पंजाब के आठ खिलाड़ी भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य हैं।
पंजाब के अन्य खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, हार्दिक सिंह, शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह और मनदीप सिंह हैं।
भारत ने इससे पहले ओलंपिक में अपना पिछला पदक 1980 मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक के रूप में जीता था।
सोढ़ी ने कहा कि उन्हें तोक्यो ओलंपिक में पूरी भारतीय हॉकी टीम के प्रदर्शन पर गर्व है।
सोढ़ी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘यह लुत्फ उठाने और ऐतिहासिक कांस्य पदक का जश्न मनाने का समय है। पंजाब का खेल मंत्री होने के नाते यह मेरा काम और गर्व की बात है कि राष्ट्रीय खेल को बढ़ावा और प्रोत्साहन दूं।’’
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘देश के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक लम्हा। भारत की पुरुष हॉकी टीम ने रोमांचक मैच में जर्मनी को हराकर कांस्य पदक जीता। 41 साल बाद पोडियम पर जगह बनाना शानदार उपलब्धि और हॉकी का कांस्य पदक सोने के तमगे की तरह है। बधाई हो। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)