देश की खबरें | असम में पैसे मांगने पर डीएसपी समेत सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज

गुवाहाटी, एक सितंबर असम में पैसे मांगने के आरोप में एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और दो उपनिरीक्षकों (एसआई) सहित कुल सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए सभी आरोपियों को यहां स्थित सीआईडी पुलिस थाने लाया गया जहां मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जीपी सिंह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि पुलिस मुख्यालय को शिकायत मिली थी कि बजाली जिले के कुछ अधिकारियों ने अगस्त के पहले हफ्ते में पैसों की मांग की थी।

इसके बाद सतर्कता और भ्रष्टाचार रोधी निदेशालय को जाल बिछाने का आदेश दिया था, लेकिन वे सफल नहीं हो सके क्योंकि अधिकारी सतर्क थे।

सिंह ने लिखा, ‘‘लेकिन शिकायत प्रथम दृष्टया सही पायी गई। इस आधार पर 31 अगस्त को एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया।’’

मामले पर अपनी प्रतिक्रिया में मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा ने कहा कि शुक्रवार शाम तक और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है।

उन्होंने कहा, ‘‘ सीआईडी में एक विशेष मामला दर्ज किया गया है और उसके आधार पर, पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हो सकती है।’’

जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उनमें बजाली के डीएसपी (मुख्यालय) पुस्कल गोगोई, पटाचारकुची पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी उपनिरीक्षक (एसआई) अनुप ज्योति पतिरी और पटाचारकुची के तहत भवानीपुर चौकी के प्रभारी एसआई (पी) देबजीत गिरि शामिल हैं।

पटाचारकुची पुलिस थाने के सहायक उपनिरीक्षक शशांक दास, गायत्री सोनोवाल के पीएसओ इंजमामुल हसन, बजाली के तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपजय रॉय, बजाली के पुलिस अधीक्षक का चालक और पुलिस अधीक्षक का पार्ट टाइम चालक नाबिर अहमद भी आरोपियों में शामिल हैं।

सिंह ने कहा कि सभी आरोपियों को जरूरी कार्रवाई के लिए पुलिस थाने लाया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)