अरविंद केजरीवाल का ‘छेड़छाड़’ से तैयार वीडियो साझा करने के आरोप में दिल्ली भाजपा के नेता पर मामला दर्ज
पंजाब पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के एक नेता के खिलाफ, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के ‘‘छेड़छाड़ से तैयार किए गए एक वीडियो क्लिप’’ को अपने ट्विटर हैंडल से साझा करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है.
चंडीगढ़, आठ अप्रैल : पंजाब पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के एक नेता के खिलाफ, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के ‘‘छेड़छाड़ से तैयार किए गए एक वीडियो क्लिप’’ को अपने ट्विटर हैंडल से साझा करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है. दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख नवीन कुमार जिंदल के खिलाफ पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात मोहाली में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के अधिवक्ता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की. मोहाली के फेज 11 पुलिस थाने के एसएचओ उप-निरीक्षक गगनदीप सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. सीमावर्ती राज्य पंजाब में आप के सत्ता में आने के बाद दिल्ली भाजपा के किसी नेता के खिलाफ पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज किया गया यह दूसरा मामला है. एसएचओ ने बताया, “शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जिंदल ने अपने ट्विटर हैंडल पर, अरविंद केजरीवाल द्वारा एक टीवी चैनल को दिए गए एक साक्षात्कार के मूल फुटेज से, छेड़छाड़ कर तैयार किए गए संक्षिप्त वीडियो को साझा किया.’’ उन्होंने कहा, “शिकायतकर्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा मूल साक्षात्कार में कहे गए कुछ शब्दों को हटा दिया गया था.” यह वीडियो क्लिप छह अप्रैल को अपलोड किया गया था.
शिकायतकर्ता के अनुसार, वीडियो का “छेड़छाड़” वाला हिस्सा केजरीवाल की स्वच्छ और पारदर्शी शासन प्रदान करने की टिप्पणी से संबंधित है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 465 (जालसाजी के लिए सजा), 471 (जाली दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का वास्तविक के तौर पर उपयोग करना), 500 (मानहानि की सजा), 505 (1) (बी) (जिससे जनता को भय पैदा होने की आशंका हो या उस इरादे से किया गया हो) के साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. टिप्पणी के लिये फोन पर संपर्क करने पर जिंदल ने कहा कि वह पिछले दो वर्षों से दिल्ली में विभिन्न मुद्दों पर केजरीवाल सरकार का ‘पर्दाफाश’ कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “मैंने उनकी कई भ्रष्ट गतिविधियों का पर्दाफाश किया...निराश होकर, वे उत्पीड़न करने के उद्देश्य से झूठे मामले दर्ज करवा रहे हैं. यह भी पढ़ें : जलवायु परिवर्तन, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा प्रणाली: वो मुद्दे जिन्हें ठीक करने की जरूरत है
कई बार केजरीवाल भी भाजपा नेताओं पर व्यंग्य करते हैं, लेकिन हम उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं करते. लेकिन जब से आप ने पंजाब में सरकार बनाई है, उन्हें लगता है कि वे उन्हें बेनकाब करने वालों के खिलाफ पंजाब पुलिस का इस्तेमाल कर सकते हैं.” यह पूछे जाने पर कि क्या वीडियो से छेड़छाड़ की गई थी, उन्होंने कहा कि वीडियो में ‘डिस्क्लेमर’ (स्पष्टीकरण) है कि यह एक “व्यंग्य” है. जिंदल ने कहा, “उस वीडियो के आधार पर, उन्होंने मेरे खिलाफ एक मामला दर्ज किया, लेकिन वे मुझे धमका नहीं सकते और मैं उन्हें विभिन्न मुद्दों पर बेनकाब करना जारी रखूंगा.” पंजाब पुलिस ने इससे पहले दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया था जो फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ पर केजरीवाल के बयान को लेकर उनपर निशाना साध रहे थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 08, 2022 03:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

