देश की खबरें | महिला से दुर्व्यवहार का मामला : कर्नाटक सरकार ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने मंगलवार को विधानसभा को आश्वासन दिया कि बेलगावी जिले के एक गांव में कथित तौर पर बिजली के खंभे से बांधकर महिला के साथ मारपीट करने और उसे निर्वस्त्र कर घुमाने के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बेलगावी (कर्नाटक), 12 दिसंबर कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने मंगलवार को विधानसभा को आश्वासन दिया कि बेलगावी जिले के एक गांव में कथित तौर पर बिजली के खंभे से बांधकर महिला के साथ मारपीट करने और उसे निर्वस्त्र कर घुमाने के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़िता के बेटे का एक लड़की से प्रेम संबंध होने के चलते उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया क्योंकि लड़की की पहले ही किसी अन्य व्यक्ति से सगाई हो चुकी थी।

मंत्री ने युवा ‘‘प्रेमियों’’ और पीड़िता के परिवार को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए ऐसी अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समाज की मानसिकता में बदलाव की जरूरत पर भी जोर दिया।

अपनी 18 वर्षीय बेटी के महिला के बेटे (करीब 24 वर्ष) के साथ चले जाने के बारे में पता चलने पर युवती के परिवार के लगभग 20 सदस्यों ने न्यू वंतमुरी गांव में सोमवार को पीड़िता के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया।

आरोप है कि फिर उन्होंने युवक की 55 वर्षीय मां को घर से बाहर खींच लिया और उसे निर्वस्त्र कर घुमाया तथा बिजली के खंभे से बांध दिया।

परमेश्वर ने कहा, ‘‘घटना के बारे में पता चलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, महिला को बचाया और अस्पताल ले गई। मामले के संबंध में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’

उन्होंने कहा कि युवा जोड़े को ढूंढ़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे इस घटना के बारे में सुनकर कोई अतिवादी कदम न उठाएं।

परमेश्वर ने सोमवार को अस्पताल में पीड़िता से मुलाकात की और घटनास्थल का दौरा किया।

शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए भाजपा विधायक सुनील कुमार ने कहा कि महिलाओं का सम्मान करने वाला एक सभ्य समाज ऐसी घटनाओं को स्वीकार नहीं कर सकता।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\