लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर कांग्रेस के पूर्व विधायक, प्रदेश महासचिव समेत कई पर मामला दर्ज
जमात

नोएडा, 20 मई कांग्रेस के एक पूर्व विधायक सहित कई नेताओं के खिलाफ थाना सेक्टर 39 में लॉकडाउन व निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने का मामला दर्ज हुआ है।

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) संकल्प शर्मा ने बताया कि मंगलवार की देर रात को ओखला बैराज के पास कांग्रेस के पूर्व विधायक पंकज मलिक, उत्तर प्रदेश के महासचिव वीरेंद्र सिंह गुड्डू, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी तथा पार्टी के महानगर अध्यक्ष शहाबुद्दीन अपने 50-60 समर्थकों के साथ कुछ बसों को लेकर खड़े थे।

शर्मा ने कहा कि ये लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे थे तथा इनमें काफी लोगों ने मुंह पर मास्क भी नहीं लगा रखा था।

उन्होंने बताया कि इन लोगों के हाथ में एक राजनीतिक दल का झंडा था।

शर्मा के अनुसार ये लोग कोविड-19 के प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर रहे थे। जनपद में लॉकडाउन व धारा 144 लागू है। डीसीपी ने बताया कि कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ उपनिरीक्षक गिर्राज किशोर की तहरीर पर थाना सेक्टर 39 में धारा 188, 269, 270 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि कुछ बसों को संभागीय परिवहन विभाग द्वारा सीज कर लिया गया है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार के इशारे पर कांग्रेस पार्टी के नेताओं के खिलाफ गलत तरीके से मुकदमा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कदम से कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)