देश की खबरें | याद्दाश्त बढ़ाने के लिए बच्चों को सेलाइन का इंजेक्शन देने वाले छात्र पर मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र को कथित तौर पर कुछ बच्चों को सेलाइन इंजेक्शन देते हुए पकड़ा और उस पर मामला दर्ज किया।

नयी दिल्ली, 14 फरवरी पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र को कथित तौर पर कुछ बच्चों को सेलाइन इंजेक्शन देते हुए पकड़ा और उस पर मामला दर्ज किया।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि आरोपी बच्चों की “स्मरण शक्ति” बढ़ाने के लिए उन्हें मुफ्त ट्यूशन पढ़ाता था।

उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र संदीप, पूर्वी दिल्ली के मंडावली का निवासी है।

अधिकारियों ने कहा कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे यूट्यूब देखने के बाद बच्चों की याद्दाश्त बढ़ाने के लिए उन्हें इंजेक्शन देने का विचार आया।

एक अधिकारी ने कहा कि जिन बच्चों को इंजेक्शन दिया गया था वे ठीक हैं।

उन्होंने कहा कि आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है और उसे औपचारिक तौर पर गिरफ्तार नहीं किया गया है।

घटना शनिवार को सामने आई जब पुलिस को एक व्यक्ति ने कॉल कर बताया कि संदीप बच्चों को इंजेक्शन दे रहा है।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को संदीप ने बताया कि वह कक्षा छह और नौ के बच्चों को मुफ्त ट्यूशन देता था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यूट्यूब पर एक वीडियो देखा था जिसमें दिखाया गया था कि सेलाइन का इंजेक्शन देने से बच्चों की याद्दाश्त बढ़ती है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) दीपक यादव ने कहा कि आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\