नयी दिल्ली, दो जनवरी वाहन प्रौद्योगिकी कंपनी कारदेखो समूह का वित्त वर्ष 2021-22 में कुल घाटा कम होकर 246 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी। समूह को पिछले वित्त वर्ष 2020-21 में कुल 341 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
हालांकि आलोच्य अवधि में उसकी परिचालन आय बढ़कर 1,598 करोड़ रुपये हो गयी। इससे पिछले वित्त वर्ष में आय 884 करोड़ रुपये रही थी।
कारदेखो ग्रुप के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमित जैन ने कहा कि समूह ने कारदेखो, बाइकदेखो, इंश्योरेंसदेखो, रूपी और जिगव्हील्स जैसे कई ब्रांडों के जरिये परिचालन करते हुए अपनी ब्रांड रणनीति का सफलतापूर्वक लाभ उठाया है।
कारदेखो समूह के मुख्य वित्तीय अधिकारी मयंक गुप्ता ने आईपीओ की योजनाओं पर कहा, ''हम निश्चित रूप से इसका मूल्यांकन कर रहे हैं। यह अपेक्षित अनुमोदन और अनुकूल बाजार स्थितियों पर निर्भर है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY