ठाणे, चार जनवरी महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित भाटसा बांध के बाएं किनारे की नहर की दीवारों में दरार आ गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, बांध की नहर की दीवारों में दरार आने के कारण निचले इलाकों के कुछ गांवों में कृषि क्षेत्र में पानी भर गया है।
शाहापुर की तहसीलदार नीलिमा सूर्यवंशी ने कहा कि मंगलवार शाम की तुलना में यह दरार और चौड़ी हो गई है। दरार का पता मंगलवार को चला था।
तहसीलदार ने कहा कि नहर की दीवार की दरारों से बहते पानी को फिलहाल रोका नहीं जा सकता, हालांकि दरार को भरने के प्रयास जारी हैं।
तहसीलदार नीलिमा सूर्यवंशी ने कहा, ‘‘ राजस्व विभाग फसल के नुकसान का आकलन कर रहा है। मुआवजे के बारे में संबंधित विभाग फैसला करेगा। ’’
ग्रामीणों और स्थानीय विधायक के अनुसार, बांध के बाएं किनारे की नहर की दीवारों में पहले भी दरारें पड़ चुकी हैं।
शाहापुर के विधायक दौलत दरोदा ने कहा कि भाटसा बांध की नहर की दीवारों में साल में कम से कम एक बार दरार जरूर आती है।
दौलत दरोदा ने पीटीआई- से कहा, ‘‘ लेकिन, इस मामले में कुछ नहीं किया जा सकता क्योंकि मरम्मत के लिए धन उपलब्ध नहीं कराया गया है। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY