एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | पोलैंड में यूक्रेनी शरणार्थियों की मदद के लिए कनाडा ने सैनिक भेजे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. कनाडा की रक्षा मंत्री अनिता आनंद ने घोषणा की कि बृहस्पतिवार को पोलैंड में 150 सैनिकों की तैनाती की जाएगी।

विदेश की खबरें | पोलैंड में यूक्रेनी शरणार्थियों की मदद के लिए कनाडा ने सैनिक भेजे

कनाडा की रक्षा मंत्री अनिता आनंद ने घोषणा की कि बृहस्पतिवार को पोलैंड में 150 सैनिकों की तैनाती की जाएगी।

24 फरवरी को यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद से 26 लाख से अधिक यूक्रेनी नागरिकों ने पोलैंड, जबकि 20 लाख से अधिक लोगों ने अन्य पड़ोसी देशों में पनाह ली है।

आनंद ने कहा कि अधिकतर सैनिकों को यूक्रेनी शरणार्थियों की देखभाल और पंजीकरण में मदद करने के लिए पोलैंड के स्वागत केंद्रों में तैनात किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मानवीय सहायता प्रयासों के समन्वय में मदद करने के लिए भी एक समूह भेजा जा रहा है।

------

मारियुपोल में भूख से मर रहे लोग : संरा अधिकारी

कीव। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम के प्रमुख डेविड बेस्ली ने कहा कि यूक्रेन में रूसी सेना से घिरे बंदरगाह शहर मारियुपोल में लोग ‘‘भूख से दम तोड़ रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि यू्क्रेन में मानवीय संकट के और गहराने की आशंका है, क्योंकि रूस आने वाले हफ्तों में हमले तेज कर सकता है।

कीव में ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को दिए एक साक्षात्कार में बेस्ली ने कहा कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से इसकी सीमाएं अस्थिर हो सकती हैं और बेहतर जीवन की तलाश में दूसरे देशों का रुख करने वाले प्रवासियों की संख्या बढ़ सकती है।

------

यूक्रेन युद्ध से यमन सहित अन्य देशों में खाद्य संकट बढ़ा : अमेरिकी राजदूत

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत लिंडा थॉमस-ग्रीनफील्ड ने रूस पर यूक्रेन युद्ध के जरिये यमन सहित अन्य देशों में खाद्य संकट की स्थिति को बदतर बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे ‘‘दुनिया के सबसे कमजोर लोगों पर रूस के अकारण, अन्यायपूर्ण, अनुचित युद्ध का एक और गंभीर प्रभाव’’ करार दिया।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की युद्धग्रस्त यमन पर बृहस्पतिवार को हुई बैठक में लिंडा ने कहा कि विश्व खाद्य कार्यक्रम ने यमन की पहचान गेहूं की कीमतों में वृद्धि और यूक्रेन से आयात की कमी से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में से एक के रूप में की है।

इसके जवाब में संयुक्त राष्ट्र में रूस के पहले उप-राजदूत दिमित्री पोलंस्की ने कहा, ‘‘समस्या यूक्रेन में रूस द्वारा चलाया जा रहा विशेष सैन्य अभियान नहीं है, बल्कि हमारे देश पर लगाए गए प्रतिबंध हैं, जो रूस में आपूर्ति और आपूर्ति शृंखला में कटौती के लिए जिम्मेदार हैं।’’

उन्होंने कहा कि इन प्रतिबंधों से उन चीजों की आपूर्ति प्रभावित नहीं हो रही है, जो पश्चिमी देशों को चाहिए... दूसरे शब्दों में कहें तो ऊर्जा के स्रोत।

------

रूसी गैस का आयात रोकने से पश्चिमी देशों की अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी : पुतिन

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी देशों द्वारा रूसी गैस के आयात को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने के प्रयासों का उनकी अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि रूस से होने वाली गैस आपूर्ति का विकल्प तलाशने की यूरोपीय देशों की कोशिशों के काफी खराब नतीजे होंगे। पुतिन ने दावा किया कि ‘‘यूरोप में इसका कोई कारगर विकल्प मौजूद नहीं है।’’ यूरोपीय संघ 40 प्रतिशत प्राकृतिक गैस और 25 प्रतिशत तेल की आपूर्ति के लिए रूस पर निर्भर है।

------

रूस ने यूक्रेनी सेना पर ब्रायंस्क में हवाई हमले करने का आरोप लगाया

मॉस्को। रूसी प्राधिकारियों ने यूक्रेनी सेना पर यूक्रेन की सीमा से सटे रूस के ब्रायंस्क क्षेत्र में हवाई हमले करने का आरोप लगाया है।

रूस की जांच समिति ने आरोप लगाया कि यूक्रेन के दो सैन्य हेलीकॉप्टर बृहस्पतिवार को रूस के हवाई क्षेत्र में घुसे और रूसी सीमा से करीब 11 किलोमीटर दूर क्लिमोवो गांव में रिहायशी इमारतों पर कम से कम छह हवाई हमले किए।

समिति ने बताया कि गांव में कम से कम छह मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि एक शिशु समेत सात लोगों के घायल होने की खबर है।

इससे पहले, रूस की सरकारी सुरक्षा सेवा ने यूक्रेनी सेना पर बुधवार को ब्रायंस्क क्षेत्र में एक सीमा चौकी पर मोर्टार दागने का आरोप लगाया था।

------

रेड क्रॉस ने सबसे बड़ा नकद सहायता कार्यक्रम शुरू किया

जिनेवा। रेड क्रॉस ने कहा है कि वह यूक्रेन में रूसी आक्रमण से बचकर विदेश पहुंचे 20 लाख से अधिक लोगों की मदद के लिए अपना अब तक का सबसे बड़ा नकद सहायता कार्यक्रम शुरू कर रहा है।

‘इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस एंड रेड क्रिसेंट सोसायटी’ की प्रवक्ता निकोल रोबिच्यु ने बृहस्पतिवार को कहा कि संगठन की यूक्रेन में युद्ध से प्रभावित लोगों को करीब 10.6 करोड़ डॉलर की मदद देने की योजना है।

------

यूक्रेन में रूस के युद्ध को ‘नरसंहार’ बताने से बचे मैक्रों

पेरिस। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यूक्रेन में रूस के युद्ध के वर्णन के लिए ‘‘नरसंहार’’ शब्द का इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि शब्दों का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए।

------

काला सागर में तैनात रूसी युद्धपोत डूबा

कीव। काला सागर में तैनात रूसी लड़ाकू बेड़े में शामिल युद्धपोत मोस्कवा, जो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था, बृहस्पतिवार को डूब गया।

यूक्रेन ने कहा है कि उनकी सेना ने युद्धपोत पर मिसाइल से हमले किए थे, जबकि रूस ने दावा किया है कि युद्धपोत मोस्कवा आग लगने से क्षतिग्रस्त हुआ था और उस पर कोई मिसाइल हमला नहीं हुआ था।

गौरतलब है कि राजधानी कीव सहित देश के उत्तरी हिस्से से पीछे हटने के बाद रूस पूर्वी यूक्रेन पर हमले की तैयारियों में जुटा है। ऐसे में युद्धपोत का डूबना रूस के लिए बड़ी सांकेतिक हार माना जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 15, 2022 09:51 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).