अहमदाबाद, 14 फरवरी गुजरात में जूनागढ़ महानगरपालिका, 68 नगर पालिकाओं और तीन तालुका पंचायतों के लिए प्रचार शुक्रवार शाम समाप्त हो गया।
मतदान 16 फरवरी को होना है।
राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि विभिन्न कारणों से रिक्त पड़ी विभिन्न स्थानीय और शहरी निकायों की सीटों पर भी उस दिन उपचुनाव के तहत मतदान होगा।
तीन तालुका पंचायतें गांधीनगर, कठलाल और कपड़वंज हैं, जहां चुनाव कराये जा रहे हैं।
गुजरात सरकार द्वारा 2023 में पंचायतों और नगर पालिकाओं में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा के बाद यह पहला स्थानीय निकाय चुनाव है।
एसईसी ने बयान में कहा कि मतदान रविवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच होगा, जबकि मतगणना मंगलवार को होगी।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि 213 सीटों पर चुनाव नहीं होगा, जिनपर 'निर्विरोध' विजेता घोषित किये गए हैं, क्योंकि प्रत्येक सीट पर केवल एक उम्मीदवार मैदान में रह गया है, जबकि अन्य सभी ने नामांकन वापस ले लिए।
विज्ञप्ति में कहा गया है इन चुनावों में अब कुल 5,084 उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाजपा ने पहले दावा किया था कि अन्य दलों के उम्मीदवारों द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद जूनागढ़ महानगरपालिका की आठ सीटों सहित विभिन्न स्थानीय निकायों की 213 सीटों पर उसका निर्विरोध जीतना तय है।
भाजपा ने यह भी दावा किया कि वह चार नगरपालिकाओं - भचाऊ, जाफराबाद, बंटवा और हलोल - में जीतने वाली है, क्योंकि उसके पक्ष में 'निर्विरोध' घोषित सीटों की संख्या इनमें से प्रत्येक नगर निकाय में आवश्यक बहुमत से अधिक है।
हालांकि, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उसके उम्मीदवारों को भाजपा द्वारा धमकी दिए जाने के बाद चुनाव मैदान से हटना पड़ा, वहीं भाजपा ने इस आरोप से इनकार किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY