नयी दिल्ली, 21 फरवरी नवगठित दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू होगा जिसमें लंबित कैग रिपोर्ट पेश की जाएंगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सत्र 24, 25, 27 फरवरी को आयोजित किया जाएगा तथा आम आदमी पार्टी (आप) की पिछली सरकार के प्रदर्शन से जुड़ी 14 लंबित कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) रिपोर्ट सदन में पेश की जाएंगी।
भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता आठवीं दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष हो सकते हैं। पिछली विधानसभा में वह नेता प्रतिपक्ष थे।
गुप्ता ने कहा कि पार्टी विधायक अरविंदर सिंह लवली सदन के ‘प्रोटेम स्पीकर’ होंगे।
नवनिर्वाचित विधायकों को 24-25 फरवरी को शपथ दिलाई जाएगी और 26 फरवरी को शिवरात्रि की छुट्टी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार कैग रिपोर्ट पेश करेगी।
सत्र की शुरुआत नये अध्यक्ष की नियुक्ति और नये विधायकों को शपथ दिलाने के साथ होगी।
इससे पहले दिल्ली में ‘आप’ सरकार के दौरान भाजपा ने अदालत से गुहार लगाई थी कि सरकार को कैग रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया जाए। भाजपा ने ‘आप’ सरकार पर अपने ‘‘भ्रष्टाचार’’ को छिपाने के लिए रिपोर्ट को रोकने का आरोप लगाया था।
विजेंद्र गुप्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की और आगामी विधानसभा सत्र के एजेंडे पर चर्चा की। उन्होंने कहा, ‘‘कैग रिपोर्ट 25 फरवरी को पेश की जाएगी।’’
गुप्ता ने पहले कहा था कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए पार्टी का उम्मीदवार नामित किया गया है।
इस महीने की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा ने दिल्ली में नयी सरकार बनाई है। विधानसभा में उसके 48 विधायक हैं जबकि विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (आप) के 22 सदस्य हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY