देश की खबरें | मंत्रिमंडल ने 18 से अधिक आयु वर्ग के लोगों को कोविड टीके की एहतियाती खुराक मुफ्त लगाने को मंजूरी दी

नयी दिल्ली, 13 जुलाई केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में 18 से अधिक आयु वर्ग के लोगों को सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर कोविड रोधी टीके की एहतियाती खुराक मुफ्त लगाने के प्रस्ताव को बुधवार को मंजूरी प्रदान कर दी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी।

ठाकुर ने बताया कि इसके लिये 15 जुलाई से 75 दिन के एक विशेष अभियान की शुरुआत की जायेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत यह अभियान चलाया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि इससे लोगों को सुरक्षा मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में टीकाकरण एक प्रभावी उपाय है। मंत्रिमंडल के आज के फैसले से भारत में टीकाकरण का विस्तार होगा और स्वस्थ्य राष्ट्र बनाने में मदद मिलेगी । ’’

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले हफ्ते सभी के लिए कोविड टीके की दूसरी और एहतियाती खुराक के बीच अंतराल को नौ महीने से घटाकर छह महीने कर दिया था। टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी परामर्श समूह की सिफारिश पर ऐसा किया गया था।

वहीं, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘ आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 15 जुलाई से 75 दिन का मुफ़्त वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 18 वर्ष की आयु के ऊपर के सभी नागरिकों को सरकारी केंद्रों पर मुफ़्त एहतियाती खुराक लगाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)