देश की खबरें | बजट 'रंगला पंजाब' बनाने की दिशा में एक कदम : मुख्यमंत्री मान

चंडीगढ़, पांच मार्च पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि 2024-25 का बजट राज्य को समावेशी, संतुलित और व्यापक विकास के माध्यम से 'रंगला पंजाब (वाइब्रेंट पंजाब)' बनाने की दिशा में एक कदम है।

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए राज्य का दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट पेश किया।

एक बयान में मान ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य और शिक्षा समेत सभी प्रमुख क्षेत्रों का ख्याल रखा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिव्यय राज्य के समग्र विकास की गति को तेज़ करेगा, साथ ही समाज के सभी वर्गों, खासकर गरीबों और वंचितों के लिए समृद्धि सुनिश्चित करेगा।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य का बजट पहली बार दो लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है क्योंकि पंजाब सरकार ने लोक कल्याण के लिए कई "अग्रणी पहल" शुरू की हैं।

मान ने दावा किया कि पहली बार, शिक्षा क्षेत्र के लिए 16,987 करोड़ रुपये का बजटीय आवंटन किया गया है जो कुल व्यय का 11.5 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि राज्य के शिक्षा क्षेत्र को और बढ़ावा देने के लिए 'स्कूल ऑफ एमिनेंस' के लिए 100 करोड़ रुपये और 'स्कूल ऑफ ब्रिलियंस' के लिए 10 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट राज्य सरकार की जन-समर्थक नीतियों को प्रतिबिंबित करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)