देश की खबरें | बीएसएफ ने पंजाब में सीमावर्ती क्षेत्र में पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया

अमृतसर, तीन मार्च सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार को पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। बीएसएफ ने यह जानकारी दी।

यह राज्य में एक सप्ताह से भी कम समय में इस तरह की दूसरी घटना है।

बीएसएफ के प्रवक्ता के अनुसार, अमृतसर जिले के कोटराजदा गांव के पास के इलाके में घुसपैठिए ने सुबह के समय चोरी छिपे अंतरराष्ट्रीय सीमा पार की और ऊबड़-खाबड़ जमीन तथा गेहूं की फसलों का फायदा उठाते हुए उसने बाड़ की ओर बढ़ना शुरू कर दिया।

प्रवक्ता के अनुसार बीएसएफ कर्मियों ने घुसपैठिए को चुनौती दी, लेकिन वह नहीं रुका और सीमा पर लगी बाड़ की ओर भागने लगा।

प्रवक्ता ने कहा कि उसके आक्रामक हाव-भाव को देखते हुए, ड्यूटी पर तैनात जवानों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई और उसे मौके पर ही मार गिराया।

पंजाब के पठानकोट में 26 फरवरी को बीएसएफ ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)