जरुरी जानकारी | ब्रुकफील्ड इंडिया रीट ने यूनिट जारी कर 2,305 करोड़ रुपये जुटाये

नयी दिल्ली, दो अगस्त ब्रुकफील्ड इंडिया रियल एस्टेट ट्रस्ट (रीट) ने निजी नियोजन आधार पर संस्थागत निवेशकों को निर्गम जारी कर 2,305 करोड़ रुपये जुटाये हैं। कंपनी इस कोष का उपयोग गुरुग्राम और मुंबई में दो संपत्तियों के अधिग्रहण में करेगी।

ब्रुकफील्ड इंडिया रीट की प्रबंधक ब्रुकप्रॉप मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लि. ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि निर्गम समिति ने 64 सफल पात्र संस्थागत निवेशकों को 9,13,01,349 यूनिट जारी करने को मंजूरी दी है। यह निर्गम 252.50 रुपये प्रति यूनिट की दर पर दिया गया है।

निवेशकों के नामों की घोषणा नहीं की गयी है।

यूनिट मूल्य न्यूनतम मूल्य 265.79 रुपये के मुकाबले पांच प्रतिशत कम है।

ब्रुकफील्ड इंडिया रियल एस्टेट ट्रस्ट (ब्रुकफील्ड इंडिया रीट) का निर्गम 27 जुलाई को आया था।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने यूनिटधारकों ने संस्थागत नियोजन के जरिये एक या एक से अधिक किस्तों में 3,500 करोड़ रुपये तक जुटाने को मंजूरी दे दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)