जोहानिसबर्ग, 24 अगस्त ब्रिक्स नेताओं ने बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कोविड-19 महामारी के बाद आर्थिक पुनरुद्धार की दिशा में काम करने वाले राष्ट्रों का समर्थन करने और कुछ देशों में उच्च ऋण स्तर से निपटने का आह्वान किया।
दक्षिण अफ्रीका की राजधानी में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अंत में समूह ने जोहानिसबर्ग द्वितीय घोषणापत्र जारी किया जिसमें दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के एक बड़े समूह जी-20 पर वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए प्रमुख बहुपक्षीय मंच की भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।
ब्रिक्स नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वित्तीय लेनदेन में स्थानीय मुद्रा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के महत्व पर जोर दिया और ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका) देशों के बीच प्रतिनिधि बैंकिंग नेटवर्क को मजबूत करने और स्थानीय मुद्राओं में लेनदेन सक्षम करने की मांग की।
उन्होंने वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों को स्थानीय मुद्राओं, भुगतान उपकरणों और मंच के मुद्दे पर विचार करने का काम सौंपा।
ब्रिक्स नेताओं ने यह स्वीकार करते हुए कि ब्रिक्स देश दुनिया के भोजन का एक-तिहाई उत्पादन करते हैं, कृषि सहयोग को मजबूत करने और खाद्य सुरक्षा बढ़ाने के लिए टिकाऊ कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
ये नेता व्यापार और निवेश प्रवाह को बढ़ावा देने के लिए आपूर्ति श्रृंखलाओं और भुगतान प्रणालियों के अंतर-संपर्क को बढ़ाने के लिए ब्रिक्स देशों के बीच और सहयोग को प्रोत्साहित करने के पक्ष में थे।
उन्होंने ब्रिक्स आकस्मिक रिजर्व व्यवस्था (सीआरए) को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। यह संकट के प्रभाव को कम करने, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय वित्तीय और मौद्रिक व्यवस्थाओं को पूरक करने और वैश्विक वित्तीय सुरक्षा जाल को मजबूत करने में योगदान देने के लिए एक तंत्र के रूप में कार्य करता है।
इसमें कहा गया है, “हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कोविड-19 महामारी के बाद आर्थिक सुधार की दिशा में मिलकर काम करने में देशों का समर्थन करने का आह्वान करते हैं।”
इसके अनुसार, “हम संघर्ष के बाद देशों के पुनर्निर्माण और विकास में योगदान के महत्व पर जोर देते हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से देशों को उनके विकास लक्ष्यों को पूरा करने में मदद का आह्वान करते हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY