मुक्केबाजी विश्व चैम्पियनशिप: आकाश कुमार को वाकओवर मिला, अंतिम 16 में पहुंचे
भारतीय मुक्केबाज आकाश कुमार (54 किग्रा) ने शुक्रवार को यहां एआईबीए पुरूष विश्व चैम्पियनशिप में जर्मनी के प्रतिद्वंद्वी द्वारा वाकओवर दिये जाने के बाद प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया.
बेलग्रेड, 29 अक्टूबर: भारतीय मुक्केबाज आकाश कुमार (Akash Kumar) (54 किग्रा) ने शुक्रवार को यहां एआईबीए पुरूष विश्व चैम्पियनशिप में जर्मनी के प्रतिद्वंद्वी द्वारा वाकओवर दिये जाने के बाद प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. आकाश का सामना अब अंतिम 16 चरण में पुअर्तो रिको के पगान सालेब टिराडो से होगा. यह भी पढ़े: PV Sindhu ने फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, सात्विक-चिराग भी जीते
भारत के लिये दिन की शुरूआत आकाश के मुकाबले से होनी थी. भारतीय हाई परफोरमेंस निदेशक सैंटियागो नीवा ने कहा, ‘‘आज सुबह उसका प्रतिद्वंद्वी वजन कराने भी नहीं आया था क्योंकि वह बीमार था. वरिंदर सिंह के मामले जैसा ही कुछ हमारे साथ हुआ. वरिंदर के मामले में हम हार गये थे लेकिन आज हम अगले दौर में पहुंच गये. ’’
वरिंदर को तेज बुखार के कारण 60 किग्रा वजन वर्ग के अपने मुकाबले से हटना पड़ा था, हालांकि वह कोविड-19 जांच में नेगेटिव आये थे. बीती रात आकाश सांगवान (67 किग्रा) ने जर्मनी के मुक्केबाज डेनियल क्रोटर पर 4-1 की जीत से प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया था. अब 21 साल के भारतीय का सामना क्यूबा के मुक्केबाज केविन ब्राउन से होगा. शाम के सत्र में एशियाई चैम्पियन संजीत (92 किग्रा) का सामना रूस के आंद्रेई स्टोटस्की से होगा जिसके बाद निशांत देव (71 किग्रा) की भिड़ंत मौरिशस के मर्वेन क्लेयर से होगी.
दोनों प्री क्वार्टरफाइनल में अपना स्थान पक्का करना चाहेंगे. शनिवार को पांच बार के एशियाई पदक विजेता शिव थापा (63.5 किग्रा) के साथ तीन अन्य भारतीय भी रिंग में उतरेंगे। थापा की भिडंत रांउड 32 में सिएरा लियोन के जॉन ब्राउन से होगी. सुमित (75 किग्रा) राउंड 32 में ताजिकिस्तान के अब्दुमलिक बोल्ताएव के सामने होंगे जबकि सचिन (80 किग्रा) अमेरिका के रॉबी गोंजालवेस से भिड़ेंगे. गोविंद साहनी (48 किग्रा) प्री क्वार्टरफाइनल में जार्जिया के साखिल अलाखवेरदोवी के सामने होंगे.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 29, 2021 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

