देश की खबरें | बोमन ईरानी की फिल्म ‘द मेहता ब्वॉयज’ शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल में की जाएगी प्रदर्शित

नयी दिल्ली, तीन सितंबर अभिनेता बोमन ईरानी की फिल्म ‘द मेहता ब्वॉयज’ 15वें ‘शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल’ में 20 सितंबर को दिखायी जाएगी। फिल्म निर्माताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी।

‘मुन्ना भाई’ श्रृंखला की फिल्मों, ‘3 इडियट्स’ और ‘खोसला का घोसला’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले ईरानी की बतौर निर्देशक यह पहली फिल्म है। वह इसके लेखक व निर्माता भी हैं।

ईरानी ने ऑस्कर पुरस्कार विजेता लेखक एलेक्जेंडर डिनेलारिस जूनियर के साथ मिलकर इसकी कहानी लिखी है। एलेक्जेंडर डिनेलारिस को 2014 में आई फिल्म ‘बर्डमैन’ के लिए ऑस्कर पुरस्कार मिला था।

‘द मेहता ब्वॉयज’ पिता तथा पुत्र के संबंधों पर आधारित हैं, जिनके बीच मतभेद होते हैं। हालांकि परिस्थितियां कुछ ऐसी हो जाती हैं कि उन्हें एक-दूसरे के साथ 48 घंटे बिताने पड़ते हैं।

पिता और पुत्र की भूमिका ईरानी तथा अविनाश तिवारी ने निभाई है।

यह फिल्म बाद में ओटीटी मंच ‘प्राइम वीडियो’ पर लोगों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

शिकागो फिल्मोत्सव में फिल्म के प्रीमियर के बाद ईरानी और डिनेलारिस जूनियर 21 सितंबर को ‘द मेहता ब्वॉयज’ की लेखन प्रक्रिया पर संवाद करेंगे।

‘शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल’ 19 से 22 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)